Opposition Parties Meeting Bengaluru: लोकसभा चुनाव 2024 से पहले बेंगलुरु में मंगलवार को विपक्षी दलों की बैठक हुई। बैठक में 26 विपक्षी दल एक साथ शामिल हुए। इस दौरान यूनाइटेड प्रोग्रेसिव अलायंस (UPA) का नाम बदलकर इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव अलायंस (INDIA) रखा गया। इसके बाद विपक्षी दलों के सभी नेताओं ने मंच पर आकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गठबंधन के नए नाम का औपचारिक ऐलान किया। खड़गे ने कहा कि सभी विपक्षी दलों ने ‘INDIA’ नाम पर सहमति दी है। बैठक को सफल बताते हुए खड़गे ने कहा कि विपक्षी दलों की अगली बैठक मुंबई में होगी। साथ ही 2024 लोकसभा चुनाव के लिए दिल्ली में एक सचिवालय बनाया जाएगा।

मीडियाकर्मी ने जब कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे से पूछा कि लोकसभा चुनाव को लेकर विपक्ष में सीटों का बंटवारा कैसे होगा? इस सवाल के जवाब में खड़गे ने कहा कि इसके लिए 11 सदस्यों की एक कमेटी गठित की जाएगी। इसके संयोजक का नाम अगली बैठक में तय होगा। सीटों का बंटवारा कोई बड़ी बात नहीं है। समय आने पर वो सब तय हो जाएगा।

इस दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा। खड़गे ने कहा कि केंद्र सरकार ईडी, सीबीआई जैसी संस्थाओं का गलत इस्तेमाल कर रही है। खड़गे ने कहा कि देश और देश के लोगों को बचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए हमने आपसी मतभेदों को पीछे रखने का फैसला किया है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगे कहा कि एनडीए 30 दलों के साथ बैठक कर रही है। मैंने भारत में इतनी पार्टियों के बारे में नहीं सुना है। पहले उन्होंने कोई बैठक नहीं की, लेकिन अब वे एक-एक करके (एनडीए दलों के साथ) बैठक कर रहे हैं। पीएम मोदी अब विपक्षी दलों से डर रहे हैं। हम यहां लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए एकत्र हुए हैं।

NDA और INDIA की लड़ाई है: राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि यह लड़ाई विपक्ष और भाजपा के बीच नहीं है। देश की आवाज को कुचला जा रहा है, यह लड़ाई देश के लिए है, इसलिए इंडियन नेशनल डेवेलपमेंटल इंक्लूसिव एलायंस (INDIA) नाम चुना गया। यह NDA और INDIA की लड़ाई है। नरेंद्र मोदी और इंडिया के बीच लड़ाई है। उनकी विचारधारा और इंडिया के बीच की लड़ाई है। राहुल गांधी ने कहा कि हमने निर्णय लिया है कि हम एक एक्शन प्लान तैयार करेंगे और एक साथ मिलकर देश में हमारी विचारधारा और हम जो करने जा रहे हैं उसके बारे में बोलेंगे। गांधी ने कहा कि आज भारत की संस्थाओं पर हमला हो रहा है।

ममता ने पूछा- ‘NDA कैन यू चैलेंज INDIA?

विपक्ष की बैठक पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि यह बैठक अच्छी रही है। आज जो चर्चा हुई उसके बाद का नतीजा इस देश के लोगों के लिए सही हो सकता है। टीएमसी चीफ ने कहा कि आज से चुनौती की शुरुआत हुई है। हमारी जो 26 पार्टियों की बैठक में हुई उसमें हमने एक रियल चैलेंज लिया है। ममता बनर्जी ने सवाल पूछते हुए कहा, ‘NDA कैन यू चैलेंज INDIA?’ ममता बनर्जी ने कहा कि INDIA जीतेगा, BJP हारेगी।

तानाशाही के खिलाफ हमारी लड़ाई: उद्धव ठाकरे

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि तानाशाही के खिलाफ जनता इकट्ठी हो रही है। ठाकरे ने कहा कि लड़ाई दल की नहीं है, देश के लिए है। अगली मीटिंग में मुंबई में सभी नेताओं से फिर मुलाकात होगी।

बीजेपी ने आसमान बेच दिया: केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अच्छी बात है कि कुनवा बढ़ रहा है। पटना की बैठक में भी हम पहले जुटे थे, अब और ज्यादा लोग जुटे हैं। भाजपा पर हमला बोलते हुए केजरीवाल ने कहा कि इन्होंने रेलवे बेच दी, एयरपोर्ट बेच दिया, धरती बेच दी, आसमान बेच दिया। इन्होंने हर सेक्टर को बर्बाद कर दिया।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, ‘देश और उसके लोगों को बचाने के लिए बैठक महत्वपूर्ण है। भारत की दो-तिहाई आबादी भाजपा के खिलाफ है। हम सभी भाजपा को हटाने के लिए एकजुट हैं।’