NDA Vs INDIA: लोकसभा चुनाव 2024 अब NDA वर्सेस INDIA के बीच होगा। बेंगलुरु में मंगलवार को विपक्षी दलों की बैठक के बाद UPA का नाम बदलकर INDIA कर दिया गया। इसके बाद विपक्षी दलों के नेताओं और बीजेपी नेताओं के बीच बहस छिड़ी हुई है।

भाजपा नेता सुशील मोदी ने UPA का नाम INDIA रखने पर विपक्षी दलों की तीखी आलोचना की। सुशील मोदी ने कहा, ‘नाम बदलने से कुछ नहीं होता। नाम बदलने से चेहरा नहीं बदलता। इंडिया का मुकाबला तो भारत करेगा। उन्होंने कहा कि भारत का मतलब है यहां की संस्कृति, सभ्यता, यहां के गरीब व गांव में रहने वाले लोग। मोदी ने कहा कि पश्चिमी संस्कृति का अनुसरण करने वाले कुछ लोग इंडिया का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। यह लड़ाई वर्षों से चली आ रही है, भारत की ही जीत होगी, क्योंकि NDA भारत का प्रतिनिधित्व करता है।

सुशील मोदी ने इस दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा। सुशील मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार को लगा था कि उन्हें संजोयक या विपक्ष का चेहरा घोषित किया जाएगा, लेकिन ऐसा हुआ नहीं इसलिए वे चले गए। वे चार्टर प्लेन से आए थे अगर दो घंटे बाद भी निकलते तो कुछ नहीं होता। उन्हें वहां शायद वह सम्मान नहीं मिला, जिसकी वे उम्मीद कर रहे थे जिसके चलते वे और लालू यादव वहां से निकल गए।

‘अंग्रेजों ने हमारे देश का नाम इंडिया रखा’

हिमंत बिस्वा सरमा ने ट्वीट कर कहा, ‘हमारा संघर्ष इंडिया और भारत के इर्द-गिर्द केंद्रित है। अंग्रेजों ने हमारे देश का नाम इंडिया रखा। हमें खुद को औपनिवेशिक विरासतों से मुक्त करने की कोशिश करनी चाहिए। हमारे पूर्वज भारत के लिए लड़े और हम भारत के लिए काम करते रहेंगे।’ वहीं बीजेपी नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने कहा कि पूरा इंडिया मोदी को वोट देगा।

बेंगलुरु में 26 दलों की बैठक खत्म होने के बाद कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि उन्होंने गठबंधन का नाम INDIA रखा है। अब इस मोर्चे को इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इंक्लूसिव एलायंस (INDIA) के नाम से जाना जाएगा। यानी अब यूपीए नाम आज से खत्म हो गया। कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर कर कहा गया कि, यह लड़ाई NDA और INDIA के बीच है। पीएम नरेंद्र मोदी और INDIA के बीच है। बीजेपी की विचारधारा और INDIA के बीच है।