Amit Shah in Dibrugarh Assam: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम के डिब्रूगढ़ में मंगलवार (11 मार्च, 2023) को एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान अमित शाह ने जहां कांग्रेस पर जमकर वार किया तो वहीं भाजपा नीतियों का जमकर बखान किया। शाह ने कहा, ‘भाजपा संगठन के आधार पर चलने वाली पार्टी है और कार्यालय भाजपा का सभी गतिविधियों का केंद्र होता है…अभी नॉर्थ ईस्ट में तीन राज्यों के चुनाव हुए और तीनों राज्यों में भाजपा सरकार का हिस्सा है। नॉर्थ ईस्ट के 8 राज्यों में PM मोदी के नेतृत्व में NDA की सरकार है और इसी के कारण नॉर्थ ईस्ट का विकास हुआ है।
‘असम में 14 में से 12 सीटें जीतेगी बीजेपी’
अमित शाह ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी असम की 14 में से 12 सीटें जीतेगी और 300 से ज्यादा सीटों के साथ मोदी जी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्वोत्तर कभी कांग्रेस का गढ़ था, लेकिन राहुल गांधी की यात्रा के बावजूद कांग्रेस हालिया चुनाव में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई। असम के 70 प्रतिशत हिस्से से सशस्त्र बल विशेष अधिकार अधिनियम (एएफएसपीए) हटाया जा चुका है, अन्य राज्यों के साथ सीमा विवाद को सुलझाया जा रहा है।
अमित शाह बोले- राहुल गांधी ने विदेश में जाकर भारत का अपमान किया
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की ब्रिटेन यात्रा के दौरान की गई उनकी विवादास्पद टिप्पणियों का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि राहुल गांधी ने विदेश में भारत का अपमान किया, अगर वह ऐसा ही करते रहे, तो न केवल पूर्वोत्तर से, बल्कि पूरे देश से कांग्रेस का सफाया हो जाएगा। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ वे (विपक्ष) जितना बुरा बोलेंगे, भाजपा उतना आगे बढ़ते जाएगी।
गृह मंत्री ने कहा कि विवादास्पद सशस्त्र बल (विशेष अधिकार) अधिनियम,1958 या अफ्सपा को असम के 70 प्रतिशत इलाकों से हटा लिया गया है, जबकि बोडोलैंड और कार्बी आंगलोंग इलाके शांतिपूर्ण हैं तथा पड़ोसी राज्यों के साथ राज्य के सीमा विवाद का समाधान किया जा रहा है। बता दें, हाल ही में मेघालय, त्रिपुरा और नगालैंड में विधानसभा चुनाव हुए थे। भाजपा ने त्रिपुरा में सरकार बनाई और अन्य दो राज्यों में सहयोगी दलों के साथ सत्ता में वापसी की है।