प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ध्वजारोहण किया। हालांकि वहीं अब कांग्रेस के एक कदम से विवाद शुरू हो गया है। दरअसल लाल किले पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भी आमंत्रित किया गया था जबकि वो इस कार्यक्रम में नहीं पहुंचे।
अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर साधा निशाना
केंद्र सरकार में मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रमुख विपक्षी दल के नेता अगर स्वतंत्रता दिवस पर नहीं आते हैं, तो इससे कांग्रेस की मानसिकता पता चलती है। अनुराग ठाकुर ने कहा, “संवैधानिक संस्थाओं पर प्रहार करना कांग्रेस की आदत बन गई है। इमरजेंसी लगाकर कांग्रेस ने लोकतंत्र को कुचला था। वहीं कल देश की जनता को राक्षस कहकर कांग्रेस ने बता दिया कि वह जनता को कैसे देखते हैं?”
अनुराग ठाकुर ने कहा, “इन घटनाओं से पता चलता है कि कांग्रेसी जब सत्ता में थी तब क्या सोचती थी और जब विपक्ष में है तब उनकी क्या सोच है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रमुख विपक्षी दल के नेता नहीं आते हैं। वह राज्यसभा में भी प्रमुख विपक्षी दल के नेता हैं। अगर वह स्वतंत्रता दिवस पर नहीं आते हैं तो समझ जाइए कांग्रेस की क्या मानसिकता है? जैसे बिन पानी के मछली तड़पती है, वैसे ही विपक्ष तड़प रहा है।
खड़गे ने भी दी प्रतिक्रिया
वहीं लाल किले पर समारोह में शामिल नहीं होने पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि उन्हें अपने आवास पर भी ध्वजारोहण करना था। उन्होंने कहा कि उनकी आंखों में कुछ समस्या है। कांग्रेस मुख्यालय में भी उन्हें झंडा फहराना था। खड़गे ने कहा कि सुरक्षा इतनी कड़ी होती है कि प्रधानमंत्री के निकलने से पहले किसी को जाने नहीं दिया जाता। अगर वह जाते तो कार्यालय पर कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाते।
पीएम मोदी ने लाल किले पर झंडा फहराने के बाद 90 मिनट लंबा भाषण दिया। इस दौरान उन्होंने अपनी सरकार द्वारा किए गए कामों का जिक्र किया। साथ ही उन्होंने कहा कि देश किस प्रकार से आगे बढ़ रहा है,उसका हिसाब भी वह देंगे। पीएम मोदी ने महिलाओं के लिए लखपति दीदी योजना की भी घोषणा की है।