दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में रविवार शाम हुई बारिश के बाद ठंड बढ़ गयी है। आईएमडी के अनुसार, शहर में आज न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में पारा शून्य से नीचे पहुंचने पर ठंड बढ़ गयी है। हिमाचल प्रदेश के टूरिस्ट स्पॉट शिमला में भी बर्फबारी हुई और कई हिस्से बर्फ की सफ़ेद चादर से ढंक गए। पश्चिम बंगाल के बीरभूम के भी कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई।
वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, दिल्ली में धुंध की परत छाई रही और एयर क्वालिटी ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गयी। CBPC के अनुसार, मुंबई शहर के कई हिस्सों में धुंध की एक पतली परत छाई हुई है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में एयर क्वालिटी ‘मध्यम’ श्रेणी में है। उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में एयर क्वालिटी आज सुबह ‘संतोषजनक’ श्रेणी में रही।
आज का मौसम LIVE: लाहौल और स्पीति पुलिस के अनुसार, रविवार शाम से बर्फबारी के कारण लाहौल में 490 वाहनों में फंसे लगभग 800 लोगों को निकाला गया है। ऊपरी शिमला क्षेत्र में कई सड़कों पर बर्फबारी और फिसलन भरी सड़कों ने वाहनों की आवाजाही को भी बाधित किया। हालांकि शिमला में स्कूल खुले रहे और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी सामान्य रही। कोकसर में 6.7 सेमी बर्फबारी दर्ज की गई, इसके बाद खदराला में 5 सेमी, सांगला में 3.6 सेमी, केलोंग में 3 सेमी, निचार और शिमला दोनों में 2.5 सेमी बर्फबारी हुई।
आज का मौसम LIVE: हिमाचल प्रदेश में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है जिससे मनाली रोहतांग दर्रे के पास अटारी-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग तीन समेत राज्य की कम से कम 87 सडकें बंद हो गयीं। राज्य आपात अभियान केंद्र के अनुसार शिमला में कुल 58 सड़कें, किन्नौर में 17, कांगड़ा में छह, लाहौल और स्पीति में दो, कुल्लू और चंबा जिलों में एक-एक सड़क बंद हैं। हिमाचल के कुछ हिस्सों में बिजली की समस्या भी देखी गई क्योंकि 457 ‘ट्रांसफार्मर’ काम नहीं कर रहे थे
आज का मौसम LIVE: मौसम विभाग के अनुसार, उदयपुर, अजमेर और कोटा संभाग में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया वहीं बीकानेर, जोधपुर और जयपुर संभाग तापमान सामान्य रहा। केंद्र ने मंगलवार से राजस्थान में सर्दी बढ़ने की आशंका जताई है। अधिकारियों ने बताया कि शेखावाटी के क्षेत्र (सीकर, पिलानी, झुंझुनूं) में न्यूनतम तापमान तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक होने की संभावना है।
आज का मौसम LIVE: राजस्थान में आगामी दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में शीतलहर की संभावना जताई है। केन्द्र के अनुसार, बीती रात भीलवाड़ा में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि डबोक (उदयपुर) में 5.2 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में छह डिग्री, बारां के अंता में 6.3 डिग्री, करौली में 6.4 डिग्री, जालौर में 6.7 डिग्री, संगरिया-पिलानी-सीकर में 7-7 डिग्री, चूरू में 7.3 डिग्री, वनस्थली-अलवर और जैसलमेर में 8.2 डिग्री, बीकानेर में 8.4 डिग्री, गंगानगर में 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।
आज का मौसम LIVE: राजस्थान के कई हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि उत्तरी हवाओं के असर से तापमान में गिरावट आई है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, बीकानेर, श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई।
आज का मौसम LIVE: मौसम विभाग के मुताबिक अगले 10 दिनों तक कश्मीर में शुष्क मौसम रहने की संभावना है जबकि 12 दिसंबर को घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। कश्मीर में शीत लहर चल रही है। घाटी 40 दिनों की सबसे कठोर सर्दियों की अवधि के लिए तैयार है, जो 21 दिसंबर से शुरू होगी।
आज का मौसम LIVE: कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि कश्मीर के प्रवेश द्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा और दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
आज का मौसम LIVE: कश्मीर में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है और घाटी के कई इलाकों में पारा हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे चला गया है। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 9.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि गुलमर्ग में रविवार को ताजा बर्फबारी हुई और यह शनिवार रात घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा। उन्होंने बताया कि वार्षिक अमरनाथ यात्रा के आधार शिविर पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
उत्तर भारत में शीत लहर की शुरुआत हो गयी है। हरियाणा का हिसार क्षेत्र के सबसे ठंडे स्थानों में से एक के रूप में उभरा है, जहां तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
दिल्ली में 12 से 14 दिसंबर के बीच हल्के पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण तापमान में हल्की बढ़ोतरी के साथ ही हल्का कोहरा छाने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। 25 दिसंबर तक ठंड में मामूली बढ़ोतरी का अनुमान है, हालांकि तापमान इस मौसम के सामान्य से ऊपर रहने की उम्मीद है।
आईएमडी के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने एएनआई से बात करते हुए कहा कि आज और कल हिमालय में हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है। उन्होंने कहा, ''मध्य पाकिस्तान और उसके आसपास के इलाकों में एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। आज और कल हिमालय में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में हल्की बारिश की उम्मीद है।
लखनऊ, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती और बहराइच समेत उत्तर प्रदेश के 43 जिलों में सोमवार को बारिश का अलर्ट है। इस बारिश से रात और सुबह के तापमान में गिरावट आएगी। बिहार के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश होने की संभावना है, जबकि अन्य हिस्से शुष्क रहेंगे। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक जायेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 10-12 डिग्री रहेगा
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार सुबह 9 बजे दिल्ली का एक्यूआई 212 रहा जो कि ‘खराब’ श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार 201 से 300 के बीच का AQI स्तर ‘खराब’ श्रेणी में आता है, जो संवेदनशील समूहों और श्वसन संबंधी बीमारियों वाले व्यक्तियों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है।
दिल्ली में सोमवार की सुबह सर्द रही और न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से 1.2 डिग्री सेल्सियस कम है। आईएमडी के अनुसार, दिन में अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सर्दियों के इस मौसम में रविवार को अब तक दूसरी बार सबसे कम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के पड़ोसी राज्य पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज और कल गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
आईएमडी द्वारा सोमवार को जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार, दिल्ली में पारा और गिरेगा और पूरे हफ्ते न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है। राजधानी में रविवार शाम को शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के बाद प्रदूषण के स्तर से थोड़ी राहत मिली।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को कहा कि इस हफ्ते राजधानी दिल्ली में तापमान में थोड़ी और गिरावट आएगी और आने वाले दिनों में शहर में कोहरा छाएगा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, महाराष्ट्र के मुंबई में कई हिस्सों में धुंध की एक पतली परत छाई रही। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में हवा की गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में एयर क्वालिटी आज सुबह 'संतोषजनक' श्रेणी में रही, जिसके चलते अब ताजमहल भी साफ-साफ दिखाई दे रहा है।
पश्चिम बंगाल के बीरभूम के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई।
जम्मू-कश्मीर में पारा शून्य से नीचे पहुंचने के कारण कश्मीर घाटी में शीत लहर चल रही है। वहीं, हिमाचल प्रदेश का शिमला भी बर्फ की चादर से ढक गया।
मौसम विभाग के अनुसार 10 दिसंबर से 14 दिसंबर के बीच दिल्ली में कोल्ड वेव यानी शीतलहर के दस्तक देने की आशंका है। मौसम विभाग की मानें तो पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को खासतौर पर सतर्क रहने की जरूरत है।
मौसम विभाग के अनुसार, देर शाम या रात में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। दिल्ली में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम था।
कश्मीर के गुलमर्ग, पहलगाम, सोनमर्ग, कुपवाड़ा और माछिल में भारी बर्फबारी हुई है। श्रीनगर में तापमान शून्य से 0.5 डिग्री नीचे चला गया है। कई इलाकों में जल स्रोत जम गए है।
दिल्ली एनसीआर में बारिश हो रही है। इससे ठंड भी बढ़ गई है। दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हुई है।
आईएमडी ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता का स्तर 94 प्रतिशत दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिन में बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
राजधानी में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री कम है। मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 276 रहा जो कि ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ के कई शहरों में रविवार को बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही उत्तरी भागों में कई जगह गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। तापमा में गिरावट की संभावना है।