NCR में गुरुवार शाम मौसम सुहावना हो गया। NCR में शाम को आसमान में बादल छा गए और कई जगहों से बारिश की खबर है। इससे पहले बिहार और उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज जानलेवा साबित हुआ है। तेज गरज-तड़क और बारिश के साथ गिरी आकाशीय बिजली ने दोनों राज्यों में कुल 15 लोगों की जान ले ली। बिहार के बेगूसराय, दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर जिलों में बिजली गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि यूपी के फिरोजाबाद में दो लोगों की जान चली गई। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि सभी की मौतें सीधे आकाशीय बिजली की चपेट में आने से हुई हैं। लगातार बदलते मौसम के बीच ग्रामीण इलाकों में ऐसे हादसों की आशंका बनी हुई है। पढ़ेंदेश-दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लेटेस्ट अपडेट्स

देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट बदला है। झारखंड के कई हिस्सों में ओलावृष्टि और तेज आंधी-तूफान की चेतावनी के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं यूपी के अन्य जिलों में भी बेमौसम बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज हुई हैं, जिसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहत कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए हैं। रांची मौसम केंद्र ने पूर्वी झारखंड में 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और ओलावृष्टि की संभावना जताई है।

दूसरी ओर, देश के कई इलाकों में गर्मी का प्रकोप भी चरम पर है। ओडिशा के संबलपुर में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया है, जिसके चलते सरकारी दफ्तरों का समय सुबह 7 से दोपहर 1 बजे तक कर दिया गया है। पश्चिमी भारत के गुजरात में तापमान 42 डिग्री तक पहुंच गया है और लू के हालात बन रहे हैं, जबकि दिल्ली में तापमान सामान्य से लगभग 6 डिग्री ऊपर चला गया है और वायु गुणवत्ता भी “खराब” श्रेणी में दर्ज की गई है। उत्तर-पूर्व भारत में हल्की बारिश से कुछ राहत की उम्मीद है, जबकि पूर्वी भारत के शहरों में उमस भरी गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है।

Live Updates
17:53 (IST) 10 Apr 2025
Mausam ki Jaankari LIVE: हरियाणा – पंजाब में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, हरियाणा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड, असम में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है।

17:52 (IST) 10 Apr 2025
Mausam ki Jaankari LIVE: पश्चिम बंगाल में कहां – कहां बारिश का अनुमान?

पश्चिम बंगाल में भीषण गर्मी की वजह से आईएमडी ने कई जिलों में आंधी और बारिश का अनुमान लगाया है। उत्तरी पश्चिम बंगाल में आंधी आने की संभावना है, जबकि दक्षिणी पश्चिम बंगाल में छिटपुट बारिश के ज़रिए लगातार पड़ रही गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। आईएमडी ने खास तौर पर दोपहर और शाम के समय अलीपुरद्वार, कूच बिहार, जलपाईगुड़ी और उत्तर दिनाजपुर जिलों में आंधी और बारिश की भविष्यवाणी की है।

16:45 (IST) 10 Apr 2025
Mausam ki Jaankari LIVE: सिक्किम – अरुणाचल में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, 10 और 11 अप्रैल को बिहार में, 10-12 अप्रैल के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में, 10-13 अप्रैल के दौरान असम और मेघालय में भारी वर्षा की संभावना है।

16:19 (IST) 10 Apr 2025
Mausam ki Jaankari LIVE: उत्तर – पश्चिम और सेंट्रल भारत में कैसा रहेगा मौसम?

IMD के अनुसार, 10 से 12 अप्रैल के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और आसपास के पूर्वी भारत के मैदानी इलाकों में आंधी, बिजली और तेज हवाओं (40-50 किमी प्रति घंटे की गति) के साथ छिटपुट वर्षा होने की संभावना है।

16:01 (IST) 10 Apr 2025
Mausam ki Jaankari LIVE: नॉर्थ ईस्ट इंडिया में कैसा रहेगा मौसम?

अगले 7 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर और उससे सटे पूर्वी भारत में गरज, बिजली और तेज़ हवाओं (40-50 किमी प्रति घंटे की गति) के साथ छिटपुट से लेकर काफी व्यापक हल्की/मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

15:41 (IST) 10 Apr 2025
Mausam ki Jaankari LIVE: जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में कैसा रहेगा मौसम?

IMD की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 10 और 11 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में तथा 10-12 अप्रैल के दौरान उत्तराखंड में गरज, बिजली और तेज हवा (40-50 किमी प्रति घंटे की गति) के साथ छिटपुट से लेकर काफी व्यापक हल्की/मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

15:40 (IST) 10 Apr 2025
Mausam ki Jaankari LIVE: बंगाल की खाड़ी में कैसा मौसम रहेगा?

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान इसके उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने और मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है।

इसके प्रभाव में अगले 24 घंटों के दौरान मध्य और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी में 35-45 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जो बढ़कर 55 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।

15:00 (IST) 10 Apr 2025
Mausam ki Jaankari LIVE: राजस्थान में कल कैसा रहेगा मौसम?

राजस्थान में WD का सर्वाधिक असर 11-12 अप्रैल को रहेगा। 11 अप्रैल को बीकानेर, जोधपुर, अजमेर, जयपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। वहीं 12 अप्रैल को उदयपुर, अजमेर, जयपुर, कोटा, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने व हल्की मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है। इसके बाद 13 अप्रैल से अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने तथा तापमान में 2-3 डिग्री बढ़ोतरी होने की संभावना है। विभाग के अनुसार 14-15 अप्रैल से दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में पुनः अधिकतम तापमान 45 डिग्री के आसपास दर्ज होगा तथा गर्मी और लू का नया दौर शुरू होगा।

14:47 (IST) 10 Apr 2025
Mausam ki Jaankari LIVE: राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम?

एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के कई हिस्सों में तेज आंधी व बारिश की संभावना बनी है। मौसम विभाग के अनुसार, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के कुछ भागों में अगले 2-3 दिन दोपहर बाद बादलों की गरज और बिजली की चमक के साथ, आंधी-बारिश की संभावना है और इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री गिरावट होगी। विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से आज भी बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग में दोपहर बाद आंधी तथा हल्की बारिश की संभावना है।

14:19 (IST) 10 Apr 2025
Mausam ki Jaankari LIVE: यूपी में कहां – कहां बिजली गिरने का अलर्ट?

भारत मौसम विभाग के लखनऊ कार्यालय ने आज के लिए बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की जिलावार चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने कहा है कि कौशांबी, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली सहित कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है और आकाशीय बिजली गिर सकती है। 

14:07 (IST) 10 Apr 2025
Mausam ki Jankari LIVE: झारखंड के कई हिस्सों में ओलावृष्टि और आंधी-तूफान की चेतावनी, ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने गुरुवार को झारखंड के कई हिस्सों में ओलावृष्टि, बिजली गिरने और तेज आंधी की चेतावनी जारी की और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना जताई है। विभाग ने बताया है कि राज्य के पूर्वी हिस्सों में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि, गरज के साथ बारिश और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, पश्चिमी और उससे सटे मध्य भागों में भी बादलों की गरज और बिजली की चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।

13:55 (IST) 10 Apr 2025
Mausam ki Jankari LIVE: ओडिशा में गर्मी तेज, संबलपुर के कार्यालयों में लंच अवकाश बंद

ओडिशा में बढ़ती तपिश को देखते हुए संबलपुर जिले के सरकारी कार्यालयों में गुरुवार से सुबह की शिफ्ट में कामकाज शुरू कर दिया गया है। डीएम के आदेश के अनुसार, राज्य सरकार के सभी कार्यालय और राजस्व एवं कार्यकारी मजिस्ट्रेट अदालतें 15 जून 2025 तक बगैर लंच अवकाश के सुबह सात बजे से अपराह्न एक बजे तक काम करेंगी।

13:52 (IST) 10 Apr 2025
Mausam ki Jankari LIVE: दिल्ली में न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री दर्ज किया गया

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 5.9 डिग्री अधिक है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 243 रहा, जो खराब की श्रेणी में आता है।

13:41 (IST) 10 Apr 2025
Mausam ki Jankari LIVE: बीकानेर. जयपुर और भरतपुर में पश्चिमी विक्षोभ का कल और परसों ज्यादा असर

मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से आज भी राजस्थान के बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग में दोपहर बाद आंधी तथा हल्की बारिश की संभावना है। विक्षोभ का सर्वाधिक असर 11-12 अप्रैल को रहेगा।

13:34 (IST) 10 Apr 2025
Mausam ki Jankari LIVE: राजस्थान के कई इलाकों में बारिश व आंधी का अनुमान

राजस्थान के कई इलाकों में बारिश व आंधी का अनुमान एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के कई हिस्सों में तेज आंधी व बारिश की संभावना बनी है। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। इसके अनुसार, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के कुछ भागों में अगले 2-3 दिन दोपहर बाद बादलों की गरज और बिजली की चमक के साथ, आंधी-बारिश की संभावना है और इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री गिरावट होगी।

13:14 (IST) 10 Apr 2025
यूपी के कई हिस्सों में ओलावृष्टि, राहत उपायों में तेजी लाने का मुख्यमंत्री का निर्देश

प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गुरुवार को बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि, आंधी, बिजली गिरने की घटनाओं का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावित जिलों के अधिकारियों को पूरी तैयारी के साथ राहत अभियान चलाने का निर्देश दिया है। फिरोजाबाद में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक महिला समेत दो व्यक्तियों की मृत्यु हो गई।

13:05 (IST) 10 Apr 2025
Mausam ki Jankari LIVE: हरियाणा में मौसम के बिगड़े रुख से फसलों को नुकसान

हरियाणा में बुधवार को नारनौल में आई तेज़ आंधी की गूंज महेंद्रगढ़ और झज्जर जैसे इलाकों तक सुनाई दी। मौसम विभाग का कहना है कि आज राज्य के कई हिस्सों में आसमान पर बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है। खास बात यह है कि यह बदलाव उस वक्त हो रहा है जब खेतों में फसलें पूरी तरह पककर तैयार हैं। गेहूं और सरसों जैसे फसलें कटाई के मुहाने पर हैं, लेकिन बेमौसम बारिश और तेज़ हवाओं की आशंका ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। पहले ही तेज़ तूफान से कुछ जगहों पर नुकसान की खबरें आई थीं, अब यदि बारिश होती है तो फसल की गुणवत्ता और उत्पादन पर असर पड़ सकता है।

12:10 (IST) 10 Apr 2025
Mausam ki Jankari LIVE: महाराष्ट्र में गर्मी ने पकड़ी रफ्तार, कई जिलों में पारा 43 डिग्री के पार

महाराष्ट्र में गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है, कई जिलों में पारा 43 डिग्री के पार पहुंच गया है। जलगांव में सबसे अधिक 43.7 डिग्री और मालेगांव में 43.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। पुणे, लोहगांव, नाशिक और सोलापुर जैसे शहरों में भी गर्मी का जोर जारी है। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं, लोगों को गर्मी से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

11:46 (IST) 10 Apr 2025
Mausam ki Jankari LIVE: यूपी में अगले कुछ दिनों तक होती रहेगी बारिश

उत्तर प्रदेश में बुधवार सुबह करीब 8 बजे मौसम ने अचानक करवट ले ली। लखनऊ सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम में यह बदलाव एक बड़े पश्चिमी विक्षोभ के कारण आया है, जो उत्तर भारत के कई हिस्सों को प्रभावित कर रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह बारिश सिर्फ एक दिन की नहीं बल्कि अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर होती रहेगी।

10:12 (IST) 10 Apr 2025
Uttarakhand Weather Forecast LIVE: अगले कुछ दिनों तक उत्तराखंड में बना रहेगा तेज बारिश का माहौल

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 11 अप्रैल तक उत्तराखंड के ज़्यादातर हिस्सों में बारिश जैसा मौसम बना रह सकता है। अगले कुछ दिनों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। 10 अप्रैल से इसके लिए विशेष अलर्ट भी जारी कर दिया गया है।

बारिश और तूफानी हवाओं के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़कों पर फिसलन और मलबा गिरने से यात्रा करना मुश्किल हो गया है।

09:55 (IST) 10 Apr 2025
Uttarakhand Weather Forecast LIVE: उत्तराखंड के कई शहरों में जमकर हुई बारिश, राहत और परेशानी दोनों मिली

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बीती रात जमकर बारिश हुई, जिससे जहां एक ओर गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। तेज बारिश की वजह से कई जगहों पर भूस्खलन हुआ और पहाड़ियों से आया मलबा सड़कों पर फैल गया, जिसमें कई वाहन दब गए।

08:16 (IST) 10 Apr 2025
UP Weather Forecast LIVE: लखनऊ, कानपुर, वाराणसी में गर्मी बढ़ने की आशंका

उत्तर भारत के राज्यों में तेज धूप और गर्म हवाओं का असर दिखने लगा है। लखनऊ, कानपुर, वाराणसी जैसे उत्तर प्रदेश के शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

20:35 (IST) 9 Apr 2025
Andhra Pradesh Weather Forecast LIVE: आंध्र प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?

दक्षिणी राज्य आंध्र प्रदेश में आईएमडी ने बुधवार को नौ से 13 अप्रैल तक राज्य के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने तथा 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले 24 घंटे में मौसम प्रणाली के उत्तर की ओर बढ़ने तथा उत्तर-उत्तरपूर्व दिशा में पुनः घूमने तथा मध्य बंगाल की खाड़ी के पास धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना है। इससे पहले, आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बुधवार को राज्य के 56 मंडलों में उष्ण लहर चलने का अनुमान जताया था।

20:34 (IST) 9 Apr 2025
Himachal Pradesh Weather Forecast LIVE: हिमाचल में बारिश का अनुमान

हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा कि बृहस्पतिवार को चंबा, कुल्लू, कांगड़ा और लाहौल और स्पीति के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है तथा शुक्रवार को शिमला, सिरमौर सोलन और कांगड़ा के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आईएमडी ने बृहस्पतिवार को हिमाचल प्रदेश के मध्य-पर्वतीय क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि का भी अनुमान जताया, जबकि भुंतर, धर्मशाला और सुंदरनगर में भीषण गर्मी महसूस की गई।

20:33 (IST) 9 Apr 2025
Delhi Weather Forecast LIVE: दिल्ली में अप्रैल में तीन साल में सर्वाधिक न्यूनतम तापमान

दिल्ली में बुधवार को अप्रैल में तीन साल में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 5.6 डिग्री अधिक और अप्रैल में तीन वर्ष में सबसे अधिक है। इसने कहा, ‘‘केवल पालम मौसम केंद्र में ही कल रात में गर्मी की स्थिति दर्ज की गई। आज सभी पांच समकालिक मौसम केंद्रों पर यह स्थिति दर्ज की गई।’

20:32 (IST) 9 Apr 2025
Rajasthan Weather Forecast LIVE: राजस्थान में तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस

राजस्थान में भीषण गर्मी और उष्ण लहर की स्थिति बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य में भीषण गर्मी का दौर अगले 24 घंटों तक जारी रहने की संभावना है। हालांकि, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 10 और 11 अप्रैल को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और जोधपुर संभाग के कुछ भागों में गरज के साथ बारिश होने, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। 

18:27 (IST) 9 Apr 2025
Weather Forecast LIVE: जम्मू-कश्मीर में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद में आंधी, बिजली और तेज हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटे की गति) के साथ छिटपुट से लेकर व्यापक रूप से हल्की/मध्यम वर्षा होने की संभावना है; 09-11 अप्रैल के दौरान हिमाचल प्रदेश और 09-12 अप्रैल के दौरान उत्तराखंड में छिटपुट से लेकर छिटपुट वर्षा होने की संभावना है।

17:48 (IST) 9 Apr 2025
Delhi Weather Forecast LIVE: दिल्ली का AQI कितना रहा?

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार  सुबह नौ बजे AQI 233 दर्ज किया गया जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच का एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच का एक्यूआई ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच का एक्यूआई ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच का एक्यूआई ‘खराब’, 301 से 400 के बीच का एक्यूआई ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच का एक्यूआई ‘गंभीर’ माना जाता है। 

17:47 (IST) 9 Apr 2025
Delhi Weather Forecast LIVE: दिल्ली में भीषण गर्मी के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी

मौसम विभाग ने कल दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है और भीषण गर्मी के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है जबकि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। 

17:44 (IST) 9 Apr 2025
Mausam ki Jankari LIVE: दिल्ली में न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस पहुंचा

राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में अप्रैल में यह सबसे अधिक न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। विभाग के अनुसार, 2024 और 2023 दोनों वर्षों में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक नहीं पहुंचा था। आंकड़ों के अनुसार 2024 में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया था जबकि 2023 में यह 23.6 डिग्री तक ही पहुंचा था। इसी तरह 2022 में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया था।