राहुल गांधी को तत्काल Congress अध्यक्ष बनाने के लिए दिल्ली कांग्रेस (INC) ने एक प्रस्ताव पास किया है। रविवार को दिल्ली प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार चौधरी ने राहुल को कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया गया।
कार्यकारिणी बैठक में निंदा प्रस्ताव पास करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री और AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग की गई। केंद्र की मोदी सरकार द्वारा देश के किसानों को बर्बाद करने तथा कुछ गिने चुने पूंजीपतियों को फायदा पहुचाने के लिए बनाए 3 कृषि कानूनों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास किया गया।
बैठक के बाद दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख अनिल चौधरी ने समाचार एजेंसी ANI से कहा, “राहुल एकमात्र व्यक्ति हैं, जो कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रेरित कर सकते हैं। किसानों के मुद्दे से लेकर जीएसटी के मसले पर उनके द्वारा जताई गईं आशंकाएं सही साबित हो रही हैं। उन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता दिखाई है। ऐसे में हमने उन्हें फिर से कांग्रेस अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पारित किया है।”
दिल्ली प्रदेश काँग्रेस कार्यकारिणी की बैठक,
मैं आज आप सबको सुनने आया हूँ – श्री @shaktisinhgohil pic.twitter.com/v7GTz3ypnt— Delhi Congress (@INCDelhi) January 31, 2021
मीटिंग में पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज ने कहा- इस देश की खुशहाली का रास्ता किसानों की सड़क से जाता है और उसे तोड़ा जा रहा है! हमे किसानों को पूर्ण समर्थन देना है। कांग्रेस की एक ही निति है सिर्फ जनहित और जनसेवा। पार्टी की विचारधारा मानवता का परिचय देना है।
मौजूदा समय में पार्टी अंतरिम अध्यक्ष के नेतृत्व में आगे बढ़ रही है, जो कि सोनिया गांधी हैं। हालांकि, सोनिया की उम्र 74 के करीब है। राजनीतिक एक्सपर्ट्स की मानें तो ऐसे में समझा जा सकता है कि वह उतनी सक्रियता से पार्टी का नेतृत्व नहीं कर पा रही हैं, जैसे कि कोई युवा चेहरा कर सकता है।
हाल ही में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में घोषणा हुई थी कि नए अध्यक्ष के लिए चुनाव कब होगा। बता दें कि राहुल ने 2019 में आम चुनाव में नरेंद्र मोदी और BJP से करारी शिकस्त के बाद पार्टी चीफ पद से इस्तीफा दे दिया था।