Coronavirus Lockdwon in India: देश में घातक कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने 3 मई तक लॉकडाउन की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद लोगों से अपील की है कि वो अपने घरों में रहें और बहुत जरुरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें। हालांकि लॉकडाउन के बीच प्रवासियों मजदूरों को खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ा रहा है। जिसके चलते लॉकडाउन के बीच ही प्रवासियों मजदूरों के घर की तरफ लौटने की खबरें सामने आती रही है।
नया मामला देश की आर्थिक राजधानी मुंबई का है जहां से 20 मजदूरों का जत्था साइकिल से ही उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में स्थित अपने घरों की तरफ निकल पड़ा है। हालांकि प्रदेश सरकार ने मजदूरों के रहने और खाने का इंतजाम करने का आश्वसान दिया है। आजतक की खबर के मुताबिक मगर इन मजदूरों ने महाराष्ट्र सरकार पर लॉकडाउन के बीच उनकी मदद नहीं करने का आरोप लगाया है। मजदूरों का कहना है कि राशन की समस्या के चलते उन्होंने घर लौटने का निर्णय लिया। इन श्रमिकों ने सरकार पर मदद न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पास अब पैसे नहीं बचे हैं। रोजगार बचा नहीं है। ऐसे में बचे पैसों से साइकिल खरीदकर घर लौटने के सिवाय उनके पास कोई और रास्ता नहीं बचा।
इन प्रवासी मजदूरों ने कहा कि अगर वो घर नहीं गए तो भूख से ही मर जाएंगे। ठाणे में राजमिस्त्री का काम करने वाले पिंटू कहते हैं कि हमने साइकिल खरीदने का फैसला किया, जिससे अपने घर पहुंच सकें। ऐसे ही अखिल प्रजापति बताया कि राशन बचा नहीं है, आमदनी हो नहीं रही। ऐसे में साइकिल से घर जाने के सिवाय कोई और रास्ता बचा नहीं था। मकान मालिक भी किराए के लिए दबाव बना रहा है। समूह में शामिल ठाणे में काम करने वाले गणेश प्रसाद ने बताया कि काम ना होने के चलते सबने मिलकर 1700 किलोमीटर की दूरी साइकिल के जरिए तय करने का निर्णय लिया।
कोरोना वायरस से जुड़ी अन्य जानकारी के लिए इन लिंक्स पर क्लिक करें | गृह मंत्रालय ने जारी की डिटेल गाइडलाइंस | क्या पालतू कुत्ता-बिल्ली से भी फैल सकता है कोरोना वायरस? | घर बैठे इस तरह बनाएं फेस मास्क | इन वेबसाइट और ऐप्स से पाएं कोरोना वायरस के सटीक आंकड़ों की जानकारी, दुनिया और भारत के हर राज्य की मिलेगी डिटेल । क्या गर्मी बढ़ते ही खत्म हो जाएगा कोरोना वायरस?
बता दें कि देश में शुक्रवार को कोविड-19 की वजह से मरने वालों की संख्या बढ़कर 718 हो गई और संक्रमण के मामलों की संख्या तक 23,077 पहुंच गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, कोविड-19 के 17,610 मरीजों का अभी भी इलाज चल रहा है, जबकि 4,748 लोग ठीक हो चुके हैं और उन्हें अस्पतालों से छुट्टी मिल चुकी है। एक मरीज विदेश चला गया था। ये आंकड़ा आज सुबह नौ बजे तक का है।
