राजस्थान में BJP विधायक मदन दिलावर ने CAA के खिलाफ प्रदर्शन करने वालों को भारत का दुश्मन करार दिया है। उन्होंने कहा है कि अगर पाकिस्तान इन लोगों को स्वीकार न करे तो वे सब हिंद महासागर में डूब मरें।
कोटा के रामगंज मंडी से विधायक के मुताबिक, “CAA के नाम पर जो देश में हिंसा और उपद्रव फैला रहे हैं और जो लोग इस तरह के प्रदर्शन करने वालों का समर्थन कर रहे हैं, उन्हें देश में रहने का कोई अधिकार नहीं है। ऐसे में वे देश के दुश्मन हैं।”
बकौल दिलावर, “अगर पाकिस्तान और बांग्लादेश सरीखे देश इन लोगों को अपनाने से इन्कार कर दें, तब इन्हें हिंद महासागर में डूब जाना चाहिए।”
समाचार एजेंसी ANI से उन्होंने बताया, “जो देश को जला रहे हैं और CAA के नाम पर पुलिस की हत्या कर रहे हैं। साथ ही जो इन लोगों का समर्थन कर रहे हैं, वे सभी देश के दुश्मन हैं…फिर चाहे वे सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी ही क्यों न हों। ऐसे लोगों को देश में रहने का कोई अधिकार नहीं है।”
वह आगे बोले- अगर वे (प्रदर्शनकारी) पाकिस्तान या बांग्लादेश से प्यार करते हैं, तो वे वहां जा सकते हैं। फिर भी अगर ये दोनों देश उन्हें अपनाने से साफ मना कर देते हैं और वे भारत में नहीं रहना चाहते हों, इस स्थिति में वे हिंद महासागर में डूब सकते हैं।
बीजेपी विधायक का आरोप है कि लोग देश में इस एक्ट के खिलाफ विरोध कर रहे हैं। ये ऐसे लोग हैं, जो देश पर यकीन नहीं करते हैं। वे देश को तोड़ना चाहते हैं और इस तरह के लोगों को कांग्रेस से समर्थन प्राप्त है।
बीजेपी विधायक ने ये बयान ऐसे वक्त पर दिए हैं, जब देश भर में नागरिकता को लेकर विवाद गरमाया हुआ है। CAA, NRC और NPR का मुल्क के विभिन्न हिस्सों में युवा से लेकर महिलाएं और बुजुर्ग विरोध कर रहे हैं।