Bihar Election 2020 Date: कोरोना (COVID-19) संकट में बिहार का विधान सभा चुनाव सबसे बड़ा इलेक्शन होगा। शुक्रवार को इसके शेड्यूल का ऐलान चुनाव आयोग ने कर दिया। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- बिहार विधानसभा चुनाव के लिए तीन चरणों में (28 अक्टूबर, तीन नवंबर और सात नवंबर को) मतदान होगा, जबकि सभी चरणों के लिए मतगणना 10 नवंबर को होगी।
पहले चरण का चुनाव 71 विस क्षेत्र में होगा। यह 16 जिलों में होगा। दूसरे चरण की वोटिंग 94 विस क्षेत्र में होगी, जिसके तहत 17 जिले कवर होंगे। 42 हजार पोलिंग बूथ इसके तहत आते हैं। वहीं, तीसरे चरण में 78 विस क्षेत्र में वोट पड़ेंगे और इसमें 15 जिलों में 33.5 हजार पोलिंग बूथ आते हैं।
अरोड़ा ने कहा- बिहार विधानसभा चुनाव कोविड-19 के मौजूदा हालात में दुनियाभर में होने वाले सबसे बड़े चुनावों में से एक होंगे। देश में दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद कोई चुनाव नहीं हुआ है और तब से दुनिया में व्यापक बदलाव हुए हैं और कोविड-19 महामारी ने जीवन के सभी पहलुओं में नयी स्थितियां पैदा कर दी हैं। वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों को छोड़कर पूरे राज्य में मतदान समय एक घंटा बढ़ाया जाएगा और सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान किया जा सकेगा।
Bihar Elections 2020 Dates LIVE
उन्होंने कहा कि कोविड-19 रोगी आखिरी एक घंटे में मतदान कर सकते हैं। संक्रमित लोगों के लिए विशेष प्रोटोकॉल तैयार किये गये हैं। ईसी की ओर से यह भी कहा गया- चुनाव प्रचार के दौरान जनसभाओं में सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करना होगा। सात लाख हैंड सैनिटाइजर, 46 लाख मास्क, 6 लाख पीपीई किट, 6.7 लाख फेस शील्ड और 23 लाख जोड़ी दस्तानों की व्यवस्था कर ली गई है। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा के मुताबिक, नामांकन दाखिल करने के लिए उम्मीदवार के साथ दो लोग जा सकते हैं। उम्मीदवार को मिलाकर 5 लोग घर-घर जाकर कैंपेनिंग कर सकते हैं।
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा- हमें पूरा विश्वास है कि बिहार की जनता NDA को बहुमत दिलाएगी। नीतीश कुमार फिर मुख्यमंत्री बनेंगे। इसके दो कारण बहुत साफ हैं, एक तो जदयू, BJP की सरकार ने LJP के साथ मिलकर जो काम किया। साथ ही नरेंद्र मोदी की अगुवाई में बिहार के लिए जो काम हुआ। वहीं, लालू के बेटे और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा है कि हम चुनाव आयोग के फैसले का स्वागत करते हैं। हम सुनिश्चित हैं कि बिहार की जनता मौजूदा सरकार से छुटकारा चाहती है। जेडीयू मायने नहीं रखती है। हमारी लड़ाई भाजपा के खिलाफ है।
बता दें कि बिहार में 243 विधानसभा सीटें हैं। सीएम नीतीश कुमार की जेडीयू मैदान में बीजेपी के साथ है। वह चौथे कार्यकाल के लिए यह चुनाव लड़ेंगे, जबकि विपक्ष की ओर से लालू की आरजेडी और कांग्रेस उन्हें चुनौती दे रही है। NDA में नीतीश की Janata Dal United, BJP, चिराग पासवान के नेतृत्व वाली Lok Janshakti Party और पूर्व सीएम जीतन राम मांझी की Hindustani Awam Morcha है। (पीटीआई, भाषा, एएनआई इनपुट्स के साथ)