Sonia Gandhi and Rahul Gandhi: सोनिया और राहुल गांधी के प्लेन की मंगलवार को मध्य प्रदेश के भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की गई। खराब मौसम के कारण यह लैंडिंग की गई है। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। दोनों नेता विपक्षी दलों की बैठक में शामिल होने के बाद चार्टर्ड प्लेन से बेंगलुरु से दिल्ली लौट रहे थे। इसके बाद कहा जा रहा है कि दोनों नेता इंडिगो फ्लाइट से दिल्ली के लिए रवाना हो सकते हैं।
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के निजी स्टाफ ने भी प्लेन के भोपाल में इमरजेंसी लैंडिंग की पुष्टि की है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष और संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि विधायक आरिफ मसूद, पीसी शर्मा एयरपोर्ट पर पहुंचे हैं। राहुल-सोनिया भोपाल एयरपोर्ट के वीआईपी लाउंज के अंदर हैं।
इससे पहले बेंगलुरु में मंगलवार को विपक्षी दलों की बैठक हुई। बैठक में 26 विपक्षी दल एक साथ शामिल हुए। इस दौरान यूनाइटेड प्रोग्रेसिव अलायंस (UPA) का नाम बदलकर इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव अलायंस (INDIA) रखा गया। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गठबंधन के नए नाम का औपचारिक ऐलान किया।
खड़गे ने कहा कि सभी विपक्षी दलों ने ‘INDIA’ नाम पर सहमति दी है। बैठक को सफल बताते हुए खड़गे ने कहा कि विपक्षी दलों की अगली बैठक मुंबई में होगी। साथ ही 2024 लोकसभा चुनाव के लिए दिल्ली में एक सचिवालय बनाया जाएगा। विपक्ष में सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि इसके लिए 11 सदस्यों की एक कमेटी गठित की जाएगी। इसके संयोजक का नाम अगली बैठक में तय होगा। सीटों का बंटवारा कोई बड़ी बात नहीं है। समय आने पर वो सब तय हो जाएगा।
बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि यह लड़ाई विपक्ष और भाजपा के बीच नहीं है। देश की आवाज को कुचला जा रहा है, यह लड़ाई देश के लिए है, इसलिए इंडियन नेशनल डेवेलपमेंटल इंक्लूसिव एलायंस (INDIA) नाम चुना गया। यह NDA और INDIA की लड़ाई है। नरेंद्र मोदी और इंडिया के बीच लड़ाई है। उनकी विचारधारा और इंडिया के बीच की लड़ाई है। राहुल गांधी ने कहा कि हमने निर्णय लिया है कि हम एक एक्शन प्लान तैयार करेंगे और एक साथ मिलकर देश में हमारी विचारधारा और हम जो करने जा रहे हैं उसके बारे में बोलेंगे। गांधी ने कहा कि आज भारत की संस्थाओं पर हमला हो रहा है।
ममता बनर्जी ने कहा कि आज से चुनौती की शुरुआत हुई है। हमारी जो 26 पार्टियों की बैठक में हुई उसमें हमने एक रियल चैलेंज लिया है। ममता बनर्जी ने सवाल पूछते हुए कहा, ‘NDA कैन यू चैलेंज INDIA?’ ममता बनर्जी ने कहा कि INDIA जीतेगा, BJP हारेगी। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि तानाशाही के खिलाफ जनता इकट्ठी हो रही है।
