Goa Night Club Fire News: गोवा के ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब अग्निकांड के लूथरा ब्रदर्स को थाईलैंड से आज भारत लाया जा रहा है। वे दोपहर 1.55 बजे दिल्ली पहुंचेंगे और उन्हें पटियाला हाउस कोर्ट ले जाया जाएगा जहां गोवा पुलिस ट्रांजिट रिमांड की मांग करेगी। इसके बाद उन्हें शाम या रात तक गोवा ले जाया जाएगा।

सीबीआई और इंटेलिजेंस अधिकारियों की एक स्पेशल टीम शनिवार को थाईलैंड के फुकेत पहुंची ताकि डिपोर्टेशन की प्रक्रिया पूरी की जा सके। फुकेत के इंडिगो होटल से हिरासत में लिए गए दोनों भाइयों को बैंकॉक के डिटेंशन सेंटर में लाया गया। थाईलैंड में मौजूद भारतीय दूतावास ने लूथरा ब्रदर्स को इमरजेंसी सर्टिफिकेट जारी किया, क्योंकि भारतीय सरकार द्वारा उनका पासपोर्ट सस्पेंड कर दिया गया था।

7 दिसंबर को सुबह लूथरा ब्रदर्स ने टिकट बुक कराए थे

गोवा पुलिस ने बुधवार को बताया कि नॉर्थ गोवा के नाइट क्लब में शनिवार (6 दिसंबर) देर रात आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई थी। रोमियो लेन के पास बर्च नाम का नाइट क्लब चलाने वाले सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा ने आग लगने के 90 मिनट के अंदर देश से भागने के लिए थाईलैंड के टिकट बुक किए थे। पुलिस ने एक बयान में कहा कि जांच से पता चला है कि लूथरा भाइयों ने 7 दिसंबर को सुबह 1:17 बजे थाईलैंड के टिकट बुक किए थे।

ये भी पढ़ें: गोवा अग्निकांड में मरने वाले असम के व्यक्ति की दर्दनाक कहानी

अब तक की गिरफ्तारियां

नाइटक्लब के मैनेजर समेत चार कर्मचारियों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। क्लब को परमिट और लाइसेंस जारी करने में शामिल विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। क्लब के तीसरे सहयोगी अजय गुप्ता को भी दिल्ली में गिरफ्तार किया गया गुप्ता ने पहले दावा किया था कि वह एक साइलेंट पार्टनर था। हालांकि, जांच से पता चला कि वास्तव में वह को-ऑनर था। घटना के समय वह गोवा में था, लेकिन त्रासदी के कुछ घंटों बाद ही वह दिल्ली के लिए विमान में सवार हो गया। दिल्ली पहुंचने पर उसका फोन बंद था और उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था।

ये भी पढ़ें: सारे अप्रूवल प्रशासन ने दिए, फिर गोवा अग्रिकांड पर क्यों दिखाई जा रही ‘फर्जी चिंता’