राहुल गांधी ने सोमवार को हरियाणा के नारायणगढ़, अंबाला में अपनी विजय संकल्प यात्रा के दौरान जनता को संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने अडानी समूह पर निशाना साधते हुए कहा कि अडानी खुद खेतों में काम नहीं करते, न ही कोई छोटा व्यापार करते हैं। फिर भी हर सुबह उनके बैंक खाते में पैसे की बाढ़ आ जाती है। राहुल ने कहा कि जितनी तेजी से अडानी के खाते में पैसा आता है, उतनी ही तेजी से आम लोगों के खाते से पैसा गायब हो रहा है। उन्होंने यह मुद्दा उठाया कि कैसे बड़े उद्योगपतियों को फायदा हो रहा है, जबकि आम जनता को इससे नुकसान उठाना पड़ रहा है।
हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को सत्ता में लाने के संकल्प के साथ राहुल गांधी की विजय संकल्प यात्रा आज से शुरू हो रही है। यह यात्रा सुबह 11 बजे अंबाला के नारायणगढ़ से शुरू होकर कई विधानसभा क्षेत्रों से गुजरते हुए शाम को कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। प्रियंका गांधी वाड्रा भी इस यात्रा में उनके साथ होंगी। कांग्रेस का फोकस इस यात्रा के जरिए प्रदेश की जिताऊ सीटों पर है, जिसके लिए खास रूट प्लान तैयार किया गया है। यह यात्रा 30 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलेगी। राहुल गांधी सोमवार को यमुनानगर, अंबाला, साहा और कुरुक्षेत्र का दौरा करेंगे, जहां से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चुनाव लड़ रहे हैं।
लेबनान में हिज़बुल्लाह के चीफ हसन नसरुल्लाह (Hassan Nasrallah) की मौत के बाद पाकिस्तान समेत कई देशों में विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। इस बीच इजरायल ने हिजबुल्लाह के प्रमुख कमांडर नबील कौक को भी सटीक हवाई हमले में मार गिराया है, जो हसन नसरल्लाह का कथित उत्तराधिकारी था। नबील कौक हिजबुल्लाह की सुरक्षा इकाई का कमांडर और संगठन की कार्यकारी परिषद का महत्वपूर्ण सदस्य था।
इजरायल इस हमले को हिजबुल्लाह के खिलाफ एक बड़ी सफलता मान रहा है, जिसमें नबील कौक के साथ कई अन्य आतंकियों को भी मारा गया है। पाकिस्तान के कराची में भी विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। रविवार को वहां बड़ा हिंसक विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। प्रदर्शनकारियों ने अमेरिकी वाणिज्य दूतावास की ओर रैली निकालने की कोशिश की। पुलिस ने उनको रोकने की कोशिश की तो जोरदार झड़प हो गई। प्रदर्शन का नेतृत्व मजलिस एमडब्ल्यूएम नामक संगठन ने किया।
लेबनान के हिजबुल्लाह नेता सैयद हसन नसरल्लाह की बेरूत में इजरायली हवाई हमले में हत्या से ईरान, पाकिस्तान समेत कई देशों में प्रदर्शन तेज हो गया है।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को हरियाणा की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य के लोगों को उन लोगों को बदल देना चाहिए, जो संविधान ‘‘बदलने’’ की बात करते हैं और हर स्तर पर उसका ‘‘अपमान’’ करते हैं। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पहली चुनावी रैली में उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के लोगों ने हमेशा देश की रक्षा की है। उन्होंने कहा, ‘‘किसानों, जवानों और खिलाड़ियों ने देश का सम्मान बरकरार रखा है।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा पिछले 10 वर्षों से हरियाणा में सरकार में है। उन्होंने इस सम्मान की रक्षा के बदले में आपको क्या दिया? उन्होंने (भाजपा सरकार) हर स्तर पर आपका अपमान किया।’’ उन्होंने सभा में उपस्थित लोगों से पूछा, ‘‘यहां बहुत बेरोजगारी है। आपमें से कितने लोगों को रोजगार मिला।’’
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि हरियाणा में अब कांग्रेस की ही सरकार आएगी। उन्होंने कहा, “…लोगों ने कांग्रेस की सरकार बनाने का मन बना लिया है…कांग्रेस की सरकार भारी बहुमत से बनने जा रही है। पूरे प्रदेश में आवाज उठ रही है कि भाजपा सरकार जा रही है और कांग्रेस पार्टी आ रही है…भाजपा ने 10 साल तक इतना कुशासन किया कि उन्हें अपना मुख्यमंत्री बदलना पड़ा…”
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: तिरुपति मंदिर लड्डू विवाद में उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को कहा कि कम से कम देवताओं को तो राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए। साथ ही न्यायालय ने सबूत मांगते हुए आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के इस दावे पर सवाल उठाया कि तिरुपति मंदिर के लड्डू बनाने में पशुओं की चर्बी का इस्तेमाल किया गया। न्यायमूर्ति बी आर गवई और न्यायमूर्ति के वी विश्वनाथन की पीठ ने उल्लेख किया कि मुख्यमंत्री ने संबंधित दावा 18 सितंबर को किया, जबकि मामले में प्राथमिकी 25 सितंबर को दर्ज की गई और विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन 26 सितंबर को किया गया। पीठ ने कहा, ‘‘…एक उच्च संवैधानिक पदाधिकारी के लिए सार्वजनिक रूप से ऐसा बयान देना उचित नहीं है जो करोड़ों लोगों की भावनाओं को प्रभावित कर सकता है।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में कोई अंदरूनी कलह नहीं है और उनकी पार्टी राज्य में तीसरी बार सरकार बनाएगी क्योंकि मतदाता कांग्रेस की ‘‘झूठ की दुकान’’ को स्थापित नहीं होने देंगे। सैनी ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी की ‘हरियाणा संकल्प यात्रा’ के दूसरे चरण से पहले कांग्रेस नेता पर निशाना साधते हुए उनकी यात्रा को ‘‘राजनीतिक पर्यटक’’ करार दिया। सैनी ने ‘पीटीआई भाषा’ से कहा, ‘‘हरियाणा में अब तक कांग्रेस का कोई भी वरिष्ठ नेता प्रचार नहीं कर रहा था और अब गांधी राजनीतिक पर्यटन पर निकल पड़े हैं। पिछले 10 साल में हमने राज्य में जो विकास किया है, उसे देखने के लिए उनका स्वागत है। हालांकि, उन्हें भूपेंद्र हुड्डा के कार्यकाल के ‘खर्ची’ और ‘पर्ची’ सिस्टम को लेकर मतदाताओं के सवालों का सामना करना पड़ेगा।’’
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: झारखंड के पूर्व मंत्री गोपाल कृष्ण पातर उर्फ़ राजा पीटर सोमवार को दिल्ली में जनता दल (यूनाईटेड) में शामिल हो गए। साल 2009 में पीटर झारखंड के तत्कालीन मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) सुप्रीमो शिबू सोरेन को तमाड़ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में पराजित कर पहली बार चर्चा में आए थे। इस, हार के बाद सोरेन को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। पीटर ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में आस्था जताते हुए राजधानी के जंतर-मंतर स्थित पार्टी कार्यालय में जद (यू) की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, राष्ट्रीय महासचिव आफाक अहमद खान, राष्ट्रीय सचिव मोहम्मद निसार, जद (यू) की झारखंड इकाई के वरिष्ठ नेता शैलेन्द्र महतो और सुशील सिंह मौजूद थे।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: कांग्रेस ने गृह मंत्री अमित शाह पर पलटवार करते हुए सोमवार को कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से नफरत नहीं, बल्कि भारत से मोहब्बत करती है तथा बीजेपी जैसी ‘विनाशकारी’ ताकत से देश को मुक्त कराने के प्रयास से बड़ी देशभक्ति कुछ नहीं है। पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘चंगुल’ से देश को आजाद कराना कांग्रेस का लक्ष्य है। गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जम्मू-कश्मीर में एक जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर की गई टिप्पणी को सोमवार को ‘‘अत्यंत खराब और अपमानजनक’’ करार दिया।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने सोमवार को अंबाला में कहा, “लड़ने वालों का अपना सम्मान होता है। हरियाणा ने देश का सम्मान सुरक्षित रखा।” उन्होंने कहा कि हर जगह स्कैम हो रहा है। बेरोजगारी से नौजवान परेशान हैं। ऐसे में युवा कहां जाएंगे। पूछा कि पहलवानों को सड़क पर क्यों बैठाया। महंगाई पर केंद्र सरकार क्यों नहीं बोलती है।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने गठबंधन का विस्तार करते हुए और सरकार में अपनी पकड़ मजबूत करते हुए अपने पूर्व प्रतिद्वंद्वी गिदोन सार को रविवार को अपने मंत्रिमंडल में शामिल कर लिया। नेतन्याहू ने बताया कि समझौते के तहत, सार बिना किसी विभाग के मंत्री के रूप में काम करेंगे और उस सुरक्षा कैबिनेट में शामिल होंगे जिस पर पश्चिम एशिया में इजराइल के शत्रुओं के खिलाफ जारी युद्ध के प्रबंधन की निगरानी है।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: राष्ट्रीय राजधानी को दीपावली तक गड्ढा मुक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री आतिशी के नेतृत्व में दिल्ली के कैबिनेट मंत्रियों ने सोमवार को सुबह-सुबह क्षतिग्रस्त सड़कों का निरीक्षण किया। आतिशी ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के इंजीनियरों के साथ दक्षिण और दक्षिण-पूर्व दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि एनएसआईसी ओखला, मोदी मिल फ्लाईओवर, चिराग दिल्ली, तुगलकाबाद, मथुरा रोड, आश्रम चौक और उसके अंडरपास की सड़कें खस्ताहाल पाई गईं।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्वीट किया, “यह घोषणा करते हुए मुझे गर्व हो रहा है कि दादा साहब फाल्के चयन जूरी ने महान अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को भारतीय सिनेमा में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए पुरस्कार देने का फैसला किया है। 8 अक्टूबर को 70वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।”
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: लेबनान में हिजबुल्ला के नेताओं और उसके ठिकानों को निशाना बनाकर हमला करने के कुछ ही घंटों बाद इजराइल ने मध्य बेरूत में हवाई हमले किए। प्रत्यक्षदर्शियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इजराइल ने लेबनान की राजधानी बेरूत को निशाना बनाया। लगभग एक साल के संघर्ष में मध्य बेरूत में यह पहला इजराइली हवाई हमला है। इससे पहले, इजराइल की सेना ने सप्ताहांत में लेबनान पर हमला कर हिजबुल्ला के प्रमुख नेता हसन नसरल्ला को मार गिराया था। इजराइली सेना ने रविवार को कहा कि उसने शनिवार को हवाई हमले में हिजबुल्ला की ‘सेंट्रल काउंसिल’ के उप प्रमुख नबील कौक को मार गिराया।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: राहुल गांधी की विजय संकल्प यात्रा सात विधानसभा क्षेत्रों नारायणगढ़, मुलाना, रादौर, लाडवा, सधौरा, पिपली और कुरुक्षेत्र से निकलेगी। राहुल गांधी ने करनाल के असंध से अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की थी। राहुल गांधी ने गुरुवार को असंध और हिसार में चुनावी रैलियों को संबोधित किया था।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: लेबनान में हिज़बुल्लाह के चीफ हसन नसरुल्लाह (Hassan Nasrallah) की मौत के बाद पाकिस्तान समेत कई देशों में विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। इस बीच इजरायल ने हिजबुल्लाह के प्रमुख कमांडर नबील कौक को भी सटीक हवाई हमले में मार गिराया है, जो हसन नसरल्लाह का कथित उत्तराधिकारी था। नबील कौक हिजबुल्लाह की सुरक्षा इकाई का कमांडर और संगठन की कार्यकारी परिषद का महत्वपूर्ण सदस्य था।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: विदेश मंत्री एस जयशंकर मंगलवार को अपने अमेरिकी समकक्ष टोनी ब्लिंकन से मुलाकात करेंगे और इस दौरान दोनों नेताओं के बीच यूक्रेन युद्ध एवं पश्चिम एशिया में संकट सहित कई द्विपक्षीय एवं वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। जयशंकर रविवार को अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी पहुंचे। वह कैबिनेट के अन्य मंत्रियों और अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन के अन्य अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे। अमेरिकी विदेश मंत्री ब्लिंकन से मुलाकात करने के अलावा जयशंकर का ‘थिंक-टैंक’ समुदाय से भी बातचीत करने का कार्यक्रम है।
दिल्ली में खराब सड़कों की मरम्मत कराने और गड्ढा मुक्त करने को लेकर आतिशी सरकार के सभी मंत्री निरीक्षण करने में लगाए गये।