आज की मुख्य खबरों की बात करें तो दिल्ली में भारत मंडपम में वीर बाल दिवस कार्यक्रम का आयोजन हुआ है, जिसमें राष्ट्रीय बाल पुरस्कार बांटे गए। इस बार 14 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 17 बच्चों को पुरुस्कार दिए गए। इसमे 7 लड़के और 10 लड़कियां शामिल हैं। ये सारे पुरस्कार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा दिए गए। कार्यक्रम में 3500 से ज्यादा बच्चे शामिल हुए। PM मोदी इस कार्यक्रम में सुपोषित पंचायत योजना का भी शुभारंभ किया है।
वहीं आज वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर बनी संयुक्त संसदीय समिति यानी जेपीसी की अहम बैठक होगी। यह समिति अब राज्य के प्रतिनिधियों के मौखिक साक्ष्य रिकॉर्ड करने के लिए बैठक करेगी। यह बैठक 26 और 27 दिसंबर को होगी। यह संसदीय समिति आज कर्नाटक, मध्यप्रदेश और राजस्थान के राज्य प्रतिनिधियों के सुझाव लेगी।
आज की ताजा खबर LIVE: महाराष्ट्र के ठाणे जिले की एक अदालत में सुरक्षा में कथित चूक के दो मामलों में 11 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारी ने बताया कि कल्याण में 21 दिसंबर को एक व्यक्ति ने अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश आर जी वाघमारे की ओर अपनी चप्पल फेंक दी थी। उन्होंने बताया कि व्यक्ति टेबल बदलने के उसके अनुरोध पर अदालत के रुख से परोक्ष तौर पर नाराज था।
आज की ताजा खबर LIVE: पंजाब के किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने बृहस्पतिवार को कहा कि 30 दिसंबर को ‘पंजाब बंद’ के आह्वान को विभिन्न वर्गों से अच्छा समर्थन मिल रहा है।
‘पंजाब बंद’ का आह्वान करने का निर्णय पिछले सप्ताह संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा (केएमएम) द्वारा लिया गया था।
पंधेर ने खनौरी सीमा पर संवाददाताओं को बताया कि 30 दिसंबर को सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक ‘पंजाब बंद’ का आयोजन किया जाएगा। पंधेर ने कहा कि 30 दिसंबर को ‘पूर्ण बंद’ रहेगा। हालांकि आपातकालीन सेवाएं चालू रहेंगी।
आज की ताजा खबर LIVE: गुजरात में दलित, आदिवासी और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के संगठन संसद में बाबासाहेब आंबेडकर को लेकर की गई टिप्पणी को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ 28 दिसंबर को देशव्यापी प्रदर्शन में शामिल होंगे। कांग्रेस विधायक जिग्नेश मेवाणी ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
कांग्रेस की गुजरात इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष मेवाणी ने कहा कि शाह के इस्तीफे की मांग के लिए 28 दिसंबर को खोखरा क्षेत्र से सारंगपुर में आंबेडकर की प्रतिमा तक दलित, आदिवासी और ओबीसी संगठनों द्वारा एक गैर-राजनीतिक रैली आयोजित की जाएगी।
आज की ताजा खबर LIVE: मध्यप्रदेश के सीधी जिले में बृहस्पतिवार को 400 केवी ट्रांसमिशन लाइन का टावर गिरने से उसमें दब कर तीन श्रमिकों की मौत हो गई जबकि छह अन्य घायल हो गए। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब 12:30 बजे रामपुर नैकिन तहसील के आमदाद गांव में हुई। उन्होंने कहा, ‘‘मजदूर पुराने ट्रांसमिशन टावरों को नए टावरों से बदल रहे थे। टावर मजदूरों के एक समूह पर गिर गया, जिससे दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे व्यक्ति ने अस्पताल जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।’’
आज की ताजा खबर LIVE: चीन ने भारतीय सीमा के नजदीक तिब्बत में ब्रह्मपुत्र नदी पर दुनिया के सबसे बड़े बांध के निर्माण को मंजूरी दे दी है जिससे भारत और बांग्लादेश में चिंता बढ़ गई है। इस बांध परियोजना को दुनिया की सबसे बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजना बताया जा रहा है जिसकी लागत 137 अरब अमेरिकी डॉलर है।
आज की ताजा खबर LIVE: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में तैनात एक पुलिस कांस्टेबल ने अधिकारियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए 'इच्छा मृत्यु' की मांग की है, जिसके बाद उसे निलंबित करते हुए मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गयी है। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि कांस्टेबल अखिलेश यादव का पिछले दिनों एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें उसने अधिकारियों पर जाति और धर्म के नाम पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हस्तक्षेप की अपील की थी।
वीडियो में कांस्टेबल ने दावा किया कि उसकी पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उसे मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। वीडियो में सुसाइड नोट पढ़ते नजर आ रहे यादव ने आरोप लगाया कि अधिकारी उसे फर्जी मामलों में फंसा रहे हैं और इसमें 30 अधिकारी शामिल हैं। इसी वीडियो में वह दूसरे जिलों में तैनात दो वरिष्ठ अधिकारियों को गोली मारने का फैसला लेने की बात भी करता नजर आ रहा है। उसने यह भी कहा कि अगर उसे न्याय नहीं मिला तो वह आत्महत्या करने को मजबूर होगा। उसने 'इच्छा मृत्यु' की भी मांग की थी।
आज की ताजा खबर LIVE: सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि देश की सत्ता में बैठे लोगों से महात्मा गांधी की विरासत को खतरा है। उन्होंने कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) को भेजे पत्र में इन ताकतों का मुकाबला करने के लिए अपने संकल्प को फिर से दोहराने का आह्वान भी किया। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष कार्य समिति की बैठक में उपस्थित नहीं हो सकीं और उन्होंने पत्र में इस पर अफसोस भी जताया।
आज की ताजा खबर LIVE: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि सिख परंपरा काफी समृद्ध है और इन्होंने विपरीत परिस्थितियों में लड़ते हुए न केवल अपनी परंपरा को सुरक्षित-संरक्षित रखा, बल्कि देश और धर्म के लिए भी बलिदान देकर नई प्रेरणा प्रदान की।
मुख्यमंत्री आवास पर गुरुवार को वीर बाल दिवस (साहिबजादा दिवस) के आयोजन को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि सुनते हैं कि काबुल में सिखों के दो-चार परिवार ही बचे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘जब बांग्लादेश की घटना और पाकिस्तान के अंदर अत्याचार के बारे में सुनते हैं, तब सिख गुरुओं के त्याग-बलिदान का स्मरण होता है। सिख गुरुओं के आदर्श हमें आगे बढ़ने की ऊर्जा देंगे। उनकी प्रेरणा से आगे बढ़ेंगे, तब काबुल-बांग्लादेश होने से बच पाएंगे।’’
आज की ताजा खबर LIVE: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के रामपुर चिट गांव में स्थापित पूर्व मंत्री शारदानंद अंचल की प्रतिमा को बुधवार देर रात अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस घटना को लेकर सपा समर्थकों में आक्रोश व्याप्त है और इस मामले में गुरुवार को अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के रामपुर चिट गांव में पूर्व ग्राम प्रधान कृष्णा यादव द्वारा सपा के वरिष्ठ नेता और मुलायम सिंह यादव एवं अखिलेश यादव सरकार में मंत्री रहे शारदानंद अंचल की प्रतिमा वर्ष 2013 में स्थापित कराई गई थी। उन्होंने बताया कि बुधवार देर रात अराजक तत्वों ने अंचल की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया और प्रतिमा से सिर को अलग कर दिया।
आज की ताजा खबर LIVE: सोनिया गांधी ने कहा कि दिल्ली में सत्ता में बैठे लोगों से महात्मा गांधी की विरासत खतरे में है। महात्मा गांधी हमारी प्रेरणा के स्रोत बने रहेंगे।
आज की ताजा खबर LIVE: उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री एवं बसपा प्रमुख मायावती ने गुरुवार को कांग्रेस पर आंबेडकर तथा उनके अनुयायियों का तिरस्कार करने और पूंजीपतियों का सहयोग करने का आरोप लगाया।
X पर एक पोस्ट में मायावती ने कहा, “कांग्रेस पार्टी का चरित्र दोहरा है। वह पूंजीपतियों का विरोध कर संसद अवरुद्ध करती है, लेकिन उन्हीं धन्नासेठों से धन लेकर पार्टी चलाती है और सरकार बनने पर उन्हें लाभ पहुंचाती है जो इनकी राज्य सरकारों के क्रियाकलापों से स्पष्ट है।”
उन्होंने कहा, “कांग्रेस आंबेडकर के मामले में उनका और उनके अनुयायियों की उपेक्षा और तिरस्कार करती है, लेकिन उनके वोट के स्वार्थ के खातिर किस्म-किस्म की छलावापूर्ण राजनीति भी करती है जिससे लोगों को हमेशा ही सावधान रहने की जरूरत है।”
आज की ताजा खबर LIVE:किसानों के प्रदर्शन और किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के आमरण अनशन के बीच, संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर उनसे संबंधित मुद्दों पर चर्चा करने के लिए मिलने का समय देने का अनुरोध किया है। एसकेएम ने बृहस्पतिवार को जारी एक बयान में कहा कि वे डल्लेवाल (70) के अनशन से जुड़ी स्थिति और अन्य ‘‘जरूरी मुद्दों’’ का समाधान चाहते हैं, जिसमें कृषि विपणन पर राष्ट्रीय नीति ढांचा पेश करना भी शामिल है। किसान अपनी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी की मांग कर रहे हैं। सुरक्षा बलों द्वारा प्रदर्शनकारी किसानों को दिल्ली कूच से रोके जाने के बाद 13 फरवरी से एसकेएम (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा के बैनर तले किसान पंजाब और हरियाणा के बीच शंभू और खनौरी बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र में सरकार के गठन और कैबिनेट विस्तार के बाद मैंने पीएम से मुलाकात की और उन्होंने हमें सफलता और राज्य के विकास के लिए किए गए काम के लिए बधाई दी। मैं अजित पवार और देवेंद्र फडणवीस फिर मिलेंगे और राज्य के विकास की रणनीति तैयार करेंगे। हम पीएम से इस बारे में भी चर्चा करेंगे।
महाराष्ट्र के ठाणे में तीन बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। ये तीनों अवैध रूप से रह रहे थे. नागरिकों के पास से फर्जी आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र समेत कई जाली दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पोस्टर विवाद पर कांग्रेस ने प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने कहा कि हमने कोई आधिकारिक पोस्टर नहीं लगाया। किसी छोटे नेता ने अनजाने में पोस्टर लगाया। CWC में कर्नाटक कांग्रेस की ओर से गांधी जी की फोटो के साथ भारत का गलत नक्शा लगाया गया है, जिसमें पाक अधिकृत कश्मीर और अक्साई चीन को नक्शे से गायब कर दिया है।
BJP सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि खबरों में बने रहने के लिए आप पार्टी अजीबोगरीब बयान देती रहती है। उनका बयान दिल्ली चुनाव में उनकी हार की स्वीकारोक्ति है। दिल्ली की जनता को याद है कि कैसे छह महीने पहले ही उन्होंने (कांग्रेस और आप) भारतीय जनता पार्टी के गठबंधन के रूप में मिलकर चुनाव लड़ा था। अब यह दिख रहा है कि इन पार्टियों के लोगों के दिलों में एक-दूसरे के लिए क्या है…दोनों में से कोई भी सत्ता में नहीं आएगा।
BJP सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि आज हमारा देश वीर बल दिवस मना रहा है लेकिन इस समय एक और तस्वीर सामने आई है जो दिल को दुखाती है। BJP कर्नाटक ने एक ट्वीट किया है जिसमें देखा जा सकता है कि बेलगावी में कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रम में, उन्होंने जो भारतीय मानचित्र लगाया है, उसमें पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर और अक्साई चिन नहीं है। वे पहले भी ऐसी हरकतें कर चुके हैं। इसलिए मैं अपना दर्द व्यक्त करना चाहता हूं। अब यह स्पष्ट हो गया है कि जो ताकतें भारत को तोड़ने की कोशिश कर रही हैं, उनके साथ कांग्रेस का संबंध अब स्पष्ट हो गया है।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे अपने बेटे और सांसद श्रीकांत शिंदे और बहू वृषाली शिंदे के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जनवरी 2013 में प्रयागराज में कुंभ मेला लगा था। अखिलेश यादव ने उस कुंभ मेले का प्रबंधन अपने चाचा आजम खान को सौंप दिया था। इतिहास में आज तक कुंभ मेले की इतनी बुरी स्थिति कभी नहीं हुई। आने वाले श्रद्धालु दुर्घटनाओं का शिकार भी हुए। 2025 का कुंभ मेला हमारे लिए बहुत बड़ा आयोजन है। सरकार सारे इंतजाम कर रही है।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ 2025 को लेकर प्रयागराज के एडीएम विवेक चतुर्वेदी ने कहा कि परिवहन विभाग ने महाकुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए करीब 5000-6000 बसों की व्यवस्था की है। सुविधा के लिए 550 इलेक्ट्रिक बसों की व्यवस्था की गई है। हमने 3 अस्थायी बस स्टैंड का निर्माण शुरू कर दिया है।
दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के घर कई इमाम पहुंचे हैं। इमाम 17 महीनों की बकाया सैलरी की मांग कर रहे हैं। करीब 250 इमाम को 17 महीने की सैलरी नहीं मिली।
आज से कर्नाटक के बेलगावी में कांग्रेस की कार्यसमिति की नव सत्याग्रह बैठक होने वाली है। इस दो दिवसीय बैठक में कांग्रेस BJP को कई सारी मुद्दों पर घेरने की रणनीति तैयार करने वाली है। इसमें प्रमुख तौर पर आंबेडकर मुद्दे को लेकर BJP को घेरने की रणनीति शामिल है।
समाजवादी पार्टी आज से सेक्टरवार पीडीए चर्चा का आयोजन करेगी। इसमें संविधान को बचाने की शपथ दिलाई जाएगी। आंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। अभियान गणतंत्र दिवस के एक दिन पहले तक चलेगा।
महाराष्ट्र के वाशी में APMC मार्केट स्थित एक निर्माणाधीन सोसायटी में आग लग गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर हैं।
संभल में समाजवादी पार्टी के सांसद जिया उर रहमान बर्क के घर पर लगे बिजली के मीटर की आज लैब में जांच होगी। सांसद स्वयं या उनके प्रतिनिधि लगभग 11 बजे बिजली घर पहुंचेंगे।