हेल्दी बॉडी के लिए केवल हेल्दी खाना खाने की ही जरूरत नहीं होती है, इसके लिए आपको उस खाने को सही समय पर खाना भी बेहद जरूरी है। कई बार लोगों को शिकायत होती है वे हर रोज नाश्ता, लंच और डिनर करते हैं और तीनों ही बार केवल हेल्दी खाना ही खाते हैं, बावजूद इसके उनका वजन बढ़ने लगता है या वे एनर्जेटिक फील नहीं कर पाते हैं। इसके पीछे खाने को सही समय पर ना खाना एक बड़ा कारण हो सकता है। अगर आप गलत टाइम पर हेल्दी चीजें खाते हैं, तो शरीर को उसका पूरा फायदा नहीं मिल पाता है। इसी तरह अगर आप सही टाइम पर कभी-कभार थोड़ी अनहेल्दी चीज भी खा लेते हैं, तो भी वो आपकी फिटनेस को खराब नहीं कर पाती हैं। यानी खाने को सही समय पर खाना बेहद जरूरी है। इसी कड़ी में आज हम आपको बताएंगे कि नाश्ता, लंच और डिनर का सबसे आइडल टाइम क्या है।

क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स?

अगर आप उन लोगों में से हैं जो दिन में भूख लगने पर कभी भी खाना खा लेते हैं, तो ऐसे में आप जाने-अनजाने में कई तरह की बीमारियों को न्योता दे रहे हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, दिनभर खाने की आदत किसी भी व्यक्ति को कई तरह की बीमारियों से घेर सकती है। ऐसे में वजन का बढ़ना भी आम बात है। इससे अलग व्यक्ति डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, अनिद्रा जैसी बीमारियों का भी शिकार हो सकता है। इतना ही नहीं, कभी भी खाना खा लेने का सीधा असर आपके पाचन तंत्र पर भी पड़ता है। ऐसे में समय देखकर खाना खाना बेहद जरूरी है।

क्या है ब्रेकफास्ट करने का सही समय?

हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, हेल्दी बॉडी के लिए जरूरी है कि आप सोकर उनके के 3 घंटे के अंदर नाश्ता कर लें। आमतौर पर रात के खाने और दिन के नाश्ते के बीच 12 से 13 घंटे के अंतर को उचित बताया गया है। यानी अगर आपने रात के समय 9 बजे खाना खाया है तो आप अगले दिन 9 बजे तक नाश्ता जरूर कर लें। एक्सपर्ट्स की मानें तो नाश्ते का सही समय सुबह 7 से 9 बजे तक होता है। वहीं, नाश्ते से पहले सोकर उठने के बाद अगर आप थोड़ा गर्म पानी पीते हैं और फ्रेश होने के बाद कुछ देर एक्सरसाइज करते हैं, तो ये आपको ना केवल फिट रखेगा बल्कि इससे आप पूरा दिन एनर्जेटिक फील करेंगे।

किस समय करें लंच?

हेल्दी बॉडी के लिए नाश्ते और लंच में कम से कम 5 घंटे का अंतर रखें। यानी अगर आपने सुबह के 9 बजे नाश्ता किया है तो आप दोपहर में 2 बजे लंच कर सकते हैं। हालांकि, अगर आपको भूख ज्यादा लगती है, तो नाश्ते के 3 घंटे के बाद आप हल्की-फुल्की लेकिन हेल्दी चीजों का सेवन कर सकते हैं। आप चाहें तो इस दौरान कोई फल या सलाद भी खा सकते हैं। सेब, अनार, खीरा, आदि बेहतर विकल्प हो सकते हैं।

कब करना चाहिए डिनर?

अब बात करते हैं रात के खाने यानी डिनर की। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, डिनर का सही समय 6 बजे से लेकर 9 बजे तक होता है। वहीं, डिनर आपको सोने से करीब 3 घंटे पहले कर लेना चाहिए। ऐसा इसलिए क्योंकि रात के समय खाना पचने में अधिक समय लगता है। ऐसे में कोशिश करें कि रात के समय आप ज्यादा हैवी खाना भी ना खाएं, साथ ही खाने के बाद वॉक पर भी जरूर जाएं। इस तरह आप खुद को पूरी तरह फिट रख पाएंगे।