भारत और इंग्लैंड के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है। मैच के पहले दिन शुक्रवार (5 फरवरी) को विराट कोहली ने एक दिल जीतने वाला काम किया। उन्होंने जो रूट की स्ट्रेचिंग कराई। इस पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को महेंद्र सिंह धोनी की याद आ गई। बीसीसीआई ने अपने ट्विटर अकाउंट पर कोहली और धोनी की अलग-अलग तस्वीर शेयर की।

दरअसल, पहले दिन इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने अपने टेस्ट करियर का 20वां और लगातार तीसरा शतक लगाया। यह उनका 100वां टेस्ट भी था। मैच के दौरान ही रूट के बाएं पैर में खिंचाव आया और वे दर्द से कराहते हुए जमीन पर गिर गए। इतने में विराट कोहली वहां पहुंच गए और फिजियो की तरह रूट की मदद करने लगे। क्रिकेट फैंस को विराट का यह व्यवहार काफी पसंद आया। कोहली ने खेल भावना का परिचय दिया।

बीसीसीआई को कोहली के इस व्यवहार से टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की याद आ गई। उसने धोनी और कोहली का मिक्स वीडियो बनाया। बोर्ड ने इसका लिंक अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया। धोनी का वीडियो 6 साल पुराना है। उसमें 2015 में मुंबई के मैदान पर खेले गए मैच में माही ने दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज फाफ डुप्लेसिस की स्ट्रेचिंग कराई थी। उस समय क्रीज पर एबी डिविलियर्स भी मौजूद थे। अक्षर पटेल की गेंद पर छक्का मारने के बाद डुप्लेसिस क्रीज पर गिर गए थे।

चेन्नई के चेपॉक में रूट भी अश्विन की गेंद पर छक्का मारने के बाद मैदान पर कराहते हुए गिर गए थे। इसके बाद कोहली उनके पास गए और स्ट्रेचिंग कराई। मैच के दौरान कोहली और रूट कई बार बातचीत करते दिखाई दिए थे। टेस्ट क्रिकेट के 144 साल के इतिहास में अब तक ऐसा नहीं हुआ था कि किसी बल्लेबाज ने 98वें, 99वें और 100वें टेस्ट में शतक लगाया हो। जो रूट ने यह उपलब्धि हासिल कर ली। रूट ने श्रीलंका के खिलाफ अपने 98वें टेस्ट में 228 और 99वें टेस्ट में 186 रन की पारी खेली थी।