भारतीय टीम और रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर के कप्तान विराट कोहली जब भी मैदान पर उतरते हैं तो कोई न कोई न रिकॉर्ड बनाते या तोड़ते जरूर हैं। कोहली ने आईपीएल के 25वें मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ विस्फोटक अर्धशतक लगाया। उन्होंने 52 गेंद पर नाबाद 90 रन बनाए। इस पारी के दौरान विराट ने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वे किसी भी टीम के लिए टी20 में 6000 रन बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज बन गए हैं।
कोहली ने सीएसके के खिलाफ अर्धशतकीय पारी में यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 4 छक्के लगाए। विराट आईपीएल में आरसीबी के लिए 5635 रन बना चुके हैं। 183 मैच में उनका औसत 38.33 और स्ट्राइक रेट 131.50 का रहा है। कोहली ने आरसीबी की ओर से चैंपियंस लीग टी20 और अन्य टूर्नामेंट में हिस्सा लिया। कोहली ने चैंपियंस लीग टी20 के 15 मैच में उन्होंने 424 रन बनाए। इस दौरान 2 अर्धशतक लगाए।
Virat Kohli completed 6000 IPL Runs for RCB.!! #GOAT pic.twitter.com/MqUr3KrSdl
— CricketMAN2 (@man4_cricket) October 10, 2020
कोहली आईपीएल में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने के मामले में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने रोहित शर्मा और सुरेश रैना की बराबरी की। कोहली ने अपना 38वां अर्धशतक लगाया। रोहित और रैना के नाम भी 38-38 अर्धशतक हैं। धवन आईपीएल में 37 अर्धशतक जमा चुके हैं। आईपीएल में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड डेविड वॉर्नर के नाम है। उन्होंने 46 अर्धशतक लगाए हैं।
चेन्नई के खिलाफ कोहली ने शिवम दुबे के साथ मिलकर टीम को संभाला। दुबे और कोहली ने आखिरी ओवरों में 34 गेंद पर 76 रन की साझेदारी की। आरसीबी ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 169 रन बनाए। देवदत्त पडिक्कल ने 33 रनों का योगदान दिया। आरसीबी की टीम अब तक चैंपियन नहीं बनी है। कोहली बेहतरीन फॉर्म में हैं और वो चाहेंगे कि इस बार टीम टाइटल जीते।

