भारतीय कप्तान विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज में शानदार शुरुआत की है। उन्होंने एडिलेड में खेले जा रहे पहले टेस्ट की पहली पारी में अर्धशतक लगाया। वे 74 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उनका टेस्ट क्रिकेट में यह 22वां अर्धशतक है। कोहली ने 180 गेंद की पारी में 8 चौके लगाए। जोश हेजलवुड की थ्रो पर नाथन लियोन ने उन्हें रनआउट किया। विराट ने इस पारी के दौरान कई रिकॉर्ड बनाए।
वे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय कप्तान बन गए हैं। विराट ने इस मामले में महेंद्र सिंह धोनी का रिकॉर्ड तोड़ दिया। पूर्व कप्तान माही ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बतौर कप्तान कुल 813 रन बनाए थे। इस मामले में सौरव गांगुली 449 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं। कोहली ने बतौर कप्तान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 10 मैचों में 851 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 50.05 का रहा है। उन्होंने 4 शतक और 2 अर्धशतक लगाए हैं। कोहली का उच्चतम स्कोर 147 रहा है।
कोहली इसके साथ ही एडिलेड के मैदान पर टेस्ट में 500 रन बनाने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। इस मामले में दूसरे स्थान पर पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ हैं। विराट ने एडिलेड में 7 पारियों में 505 रन बनाए हैं। इनमें 3 शतक और एक अर्धशतक शामिल है। वहीं, द्रविड़ ने 4 टेस्ट की 8 पारियों में 401 रन बनाए हैं। ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो गैर-ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों में एडिलेड में सबसे ज्यादा रन ब्रायन लारा के नाम दर्ज है। उन्होंने 610 रन बनाए थे।
विराट के लिए एडिलेड का मैदान सबसे ज्यादा लकी रहा है। किसी एक मैदान पर कोहली के सबसे ज्यादा रन की बात करें तो उन्होंने एडिलेड में ही सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। इस मैदान पर कोहली ने 505 रन बनाए हैं। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम (पहले फिरोजशाह कोटला स्टेडियम) में 467 रन, मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 433 रन, हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में 379 रन, नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में 354 रन बनाए हैं।