कोरोनावायरस से भारत में अब तक 15 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। 500 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। देश को 3 मई तक के लिए लॉकडाउन कर दिया गया है। खेल की प्रतियोगिताओं को स्थगित या रद्द कर दिया गया है। खिलाड़ी अपने घरों में बंद हैं। वे सोशल मीडिया के जरिए फैंस से जुड़ रहे हैं। लॉकडाउन में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा लूडो खेलकर टाइम पास कर रहे हैं। अनुष्का ने अपने इंस्टाग्राम पर एक फोटो शेयर किया, जिसमें वे फैमिली के साथ लूडो खेल रही हैं।
अनुष्का ने स्टेटस में लूडो के दौरान की तस्वीर लगाई है। दुनिया भर के गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने वाले विराट कोहली यहां भी सब पर हावी हैं। वे सबसे पहले दो गोटी को लाल कर चुके हैं। एक गोटी घर में और एक बाहर है। दूसरी ओर अनुष्का खाता भी नहीं खोल सकी हैं। उन्होंने स्टेटस लगाते हुए लिखा, ‘मैं हार नहीं रही। मै घर में हूं और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रही हूं।’’ अनुष्का और विराट लॉकडाउन में सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय हैं।
इससे पहले अनुष्का ने ही एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वे कोहली को चौका मारने के लिए कह रही थीं। अनुष्का ने यह वीडियो शुक्रवार यानी 17 अप्रैल को यह वीडियो शेयर किया था। वीडियो में अनुष्का विराट को आवाज लगा रही हैं। वे कोहली को घर पर स्टेडियम वाला अनुभव देना चाह रही थीं। अनुष्का ने बोलीं, ‘ए कोहली क्या कर रहा है, कोहली। चौका मार ना कोहली।’ उनके इतना बोलने के बाद विराट परेशान होकर घूरने लगे।
विराट हाल ही में बीसीसीआई के मास्क फोर्स टीम में नजर आए थे। उन्होंने लोगों से मास्क पहनने की अपील की थी। बीसीसीआई ने वह वीडियो शेयर किया था। उसमें बोर्ड अध्यक्ष सौरव गांगुली, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, वीरेंद्र सहवाग, हरभजन सिंह, रोहित शर्मा, स्मृति मंधाना, हरमनप्रीत कौर, मिताली राज भी थीं। बीसीसीआई द्वारा जारी वीडियो में खिलाड़ियों ने बताया कि किस तरह घर बैठे आसानी से मास्क बनाया जा सकता है। खिलाड़ियों ने यह भी कहा कि इस खास अभियान में शामिल होकर आप न केवल खुद की सुरक्षा कर सकते हैं, बल्कि देश के लिए बड़ा योगदान भी देंगे।