टीम इंडिया और चेन्नई सुपरकिंग्स के स्टार बल्लेबाज सुरेश रैना इन दिनों क्रिकेट में वापसी की तैयारी तेजी से कर रहे हैं। सोशल मीडिया उनके वीडियो लगातार वायरल हो रहे हैं। हाल ही में वे ऋषभ पंत के साथ भी बल्लेबाजी का अभ्यास करते नजर आए थे। रैना को मिस्टर आईपीएल भी कहा जाता है। गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने वाले इस खिलाड़ी को इंजीनियरिंग करके नौकरी करने वाली लड़की ने बोल्ड कर दिया था। रैना ने प्रियंका चौधरी से 3 अप्रैल 2015 को शादी की थी। प्रियंका इंजनीयरिंग कर चुकी हैं।

रैना की लव स्टोरी बहुत पुरानी है। रैना मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के रहने वाले हैं। रैना के पिता त्रिलोकचंद रैना सेना में रह चुके हैं। वही, प्रियंक के पिता सतपाल शर्मा मुरादनगर में एक कॉलेज में टीचर होने के साथ-साथ स्पोर्ट्स टीचर भी थे। कहा जाता है कि रैना ने बचपन में उन्हीं से ट्रेनिंग ली थी। प्रियंका के घर का नाम गुड्डन है। कहा जाता है कि दोनों उसी समय से दोस्त थे। बाद में दोस्ती प्यार में बदल गई। फिर 2015 में दोनों ने शादी कर ली।

शादी से पहले प्रियंका नीदरलैंड में बैंकिंग सेक्टर में काम करती थीं। इंजीनियरिंग करने के बाद उन्होंने आईटी प्रोफेशनल के रूप में अपना करियर बनाया। उनकी सैलरी लाखों में थी, लेकिन रैना के साथ भारत में रहने के लिए उन्होंने नौकरी को छोड़ दिया। रैना और प्रियंका ने भारत में बेटी ग्रेसिया के नाम पर एक चैरिटी फाउंडेशन बनाया। यह गरीब माओं और बच्चों की शारीरिक और मानसिक समस्या को दूर करने में यह मदद करता है। प्रियंका महिलाओं को प्रेगनेंसी के समय खान-पान के बारे में जागरूक करने का भी काम करती हैं।

रैना का क्रिकेट करियर की शुरुआत 2005 में हुई। उन्हें श्रीलंका के खिलाफ वनडे खेलने का मौका मिला। इसके बाद 2006 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 और 2010 में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में डेब्यू किया। रैना ने पिछला अंतरराष्ट्रीय इंग्लैंड के खिलाफ जुलाई 2018 में खेला था। वे 18 टेस्ट, 226 वनडे और 78 टी20 मुकाबलों में नजर आ चुके हैं। रैना ने आईपीएल में 193 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 33.3 की औसत से 5368 रन बनाए हैं। वे विराट कोहली के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।