भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और मौजूदा बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली कोलकाता वुडलैंड्स अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें शनिवार (2 जनवरी) को हार्ट अटैक आया था। उसके बाद गांगुली की एंजियोप्लास्टी की गई थी। वुडलैंड्स अस्पताल ने रविवार (3 जनवरी) को गांगुली का हेल्थ बुलेटिन जारी किया। इसमें बताया गया है कि उनका कोरोना टेस्ट हुआ था और वे निगेटिव पाए गए हैं।

गांगुली की 3 धमनियों में ब्लॉकेज था। हालांकि, एंजियोप्लास्टी के बाद उनकी स्थिति स्थिर है। हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, ‘‘वह अपनी नींद पूरी कर रहे हैं। उनकी तबीयत में रात को उतार-चढाव देखे गए थे। गांगुली का पल्स रेट 70 बना हुआ है और उनका बीपी 110/70 पर बना हुआ है। ऑक्सीजन सेचुरेशन लेवल 98% है।’’ डॉक्टर्स के अनुसार, गांगुली की एक और एंजियोप्लास्टी की जाएगी। इस बारे में फैसला उनके कंडीशन को देखने के बाद लिया जाएगा। उनका ईसीजी भी किया गया है।

गांगुली को शनिवार यानी 2 जनवरी 2021 की सुबह घर पर जिम करते हुए चक्कर आ गया था। इसके बाद गांगुली को बिना किसी देरी के अस्पताल में भर्ती कराया गया। एंजियोप्लास्टी करने वाले डॉक्टर ने कहा था कि उनकी हालत स्थिर है। क्रिटिकल ब्लॉकेज था। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लगातार गांगुली के बारे में अपडेट ले रही हैं। उन्होंने कहा शनिवार को कहा था, ‘‘सौरव अब ठीक हैं। उन्होंने मुझसे बात भी की है। मैं हॉस्पिटल प्रशासन और डॉक्टर का धन्यवाद करती हूं।’’

वहीं, बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अभिषेक डालमिया ने कहा था, ‘‘सौरव गांगुली की हालत स्थिर हैं। उन्होंने हमसे बातचीत की है। सीएम ममता बनर्जी ने मुझसे बात की और मुझे विशेष रूप से कहा कि हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सभी खिलाड़ी स्वास्थ्य परीक्षण से गुजरें। हम उनके सुझाव का पालन करेंगे और जो आवश्यक होगा करेंगे।’’