टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा, बल्लेबाज विराट कोहली और केएल राहुल, विकेटकीपर ऋषभ पंत और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए आराम दिए जाने की संभावना है। भारत को 9 जून, 2022 से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैच की टी20 सीरीज खेलनी है। सीरीज का पहला पहला मैच नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाना है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सूत्रों ने एएनआई को बताया, ‘रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल, ऋषभ पंत और जसप्रीत बुमराह को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए आराम दिए जाने की संभावना है।’ रोहित शर्मा और विराट कोहली का इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। दोनों बल्लेबाज अब तक क्रमशः 218 और 216 रन ही बना पाए हैं।
रोहित शर्मा की अगुआई वाली मुंबई इंडियंस तो आईपीएल 2022 की अंक तालिका में सबसे निचली पायदान पर है। ऋषभ पंत भी शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। उन्होंने अब तक 12 मैच में सिर्फ 294 रन बनाए हैं। यह संख्या उनकी प्रतिष्ठा के अनुरूप नहीं है।
हालांकि, केएल राहुल और उनकी अगुआई वाली लखनऊ सुपर जायंट्स का आईपीएल 2022 में अब तक का प्रदर्शन शानदार रहा है। केएल राहुल ने आईपीएल 2022 में अब तक 11 मैच में दो शतक और दो अर्धशतक के साथ 451 रन बनाए हैं।
दूसरी ओर, जसप्रीत बुमराह ने 11 मैचों में 12 विकेट झटके हैं। उन्होंने श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 10 रन देकर 5 विकेट झटके थे। यह आईपीएल में उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋषभ पंत, केएल राहुल और जसप्रीत बुमराह को आराम देने के बाद क्रिकेट प्रशंसकों के मन में सबसे बड़ा यह सवाल आना लाजिमी है कि फिर टीम इंडिया की कमान कौन संभालेगा।
ऐसी परिस्थिति में हार्दिक पंड्या, शिखर धवन और श्रेयस अय्यर को ही टीम इंडिया की कमान सौंपी जा सकती है। सूर्यकुमार यादव और रविंद्र जडेजा भी विकल्प हो सकते थे, लेकिन दोनों ही चोटिल हैं। दोनों के ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज खेलने की संभावना नहीं है। आईपीएल 2022 में कप्तानी को लेकर हार्दिक पंड्या की काफी तारीफ भी हुई है। टूर्नामेंट की अंक तालिका में उनकी टीम शीर्ष पर है।
इसके अलावा पृथ्वी शॉ को भी कमान दी जा सकती है। वह अपनी अगुआई में भारत की अंडर-19 टीम को विश्व चैंपियन बना चुके हैं। उन्होंने हाल ही में रणजी ट्रॉफी में भी मुंबई की कमान संभाली थी। चयनकर्ताओं के लिए वह भी एक विकल्प हो सकते हैं।
