भारतीय विकेटकीपर ऋषभ पंत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टेस्ट की पहली पारी में निराशाजनक प्रदर्शन किया। उन्होंने विल पुकोवस्की के दो कैच टपकाए। यह भारत पर भारी पड़ा। पुकोवस्की ने अपने पहले ही टेस्ट में अर्धशतक लगा दिया। इसके बाद पंत भारतीय टीम के फैंस के निशाने पर आ गए। उन्हें सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया गया। यहां तक कि पंत की तुलना पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर कामरान अकमल से की गई।

दरअसल, पंत ने पुकोवस्की के दो आसान से कैच छोड़ दिए। पहला कैच उन्होंने अश्विन की गेंद पर छोड़ा जबकि अगला कैच उन्होंने सिराज की गेंद पर छोड़ा। पुकोवस्की को दोनों जीवनदान 3 ओवर के अंदर ही मिले। पहली बार जब उनका कैच छूटा तो वे 26 रनों पर बल्लेबाजी कर रहे थे। इसके बाद जब वे 42 रन पर थे तो उन्हें जीवनदान मिला। इसका फायदा उठाते हुए पुकोवस्की ने 62 रनों की पारी खेली। पंत की खराब कीपिंग को देखकर दिल्ली कैपिटल्स में उनके कोच रिकी पोंटिंग भी भड़क गए।

पोंटिंग ने पंत की आलोचना करते हुए कहा, ‘‘आज जो कैच उन्होंने छोड़ा, वह पकड़े जा सकते थे। ऋषभ पंत भाग्यशाली रहे की विल पुकोवस्की बड़ी पारी नहीं खेल पाए। जब पंत ने कैच छोड़ा होगा तो उन्हें काफी बुरा लगा होगा, आज पुकोवस्की कुछ मिले मौकों का फायदा नहीं उठा पाए नहीं तो उन्हें इसका बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ता। उन्हें अपनी विकेटकीपिंग पर काम करना होगा, जब से उन्होंने अपना किया तब से वह सबसे ज्यादा कैच छोड़ने वाले विकेटकीपर होंगे।’’

पंत के रिकॉर्ड की बात करें तो उन्होंने 14 टेस्ट मैच में 65 शिकार किए हैं। दूसरी ओर, उन्होंने कई कैच टपकाए और स्टंपिंग का मौका भी गंवाया है। सिडनी टेस्ट के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया ने 55 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 166 रन बनाए। खेल खत्म होने के समय मार्नस लाबुशेन 67 और स्टीव स्मिथ 31 रन बनाकर नाबाद थे। पहले दिन बारिश के कारण करीब 4 घंटे का खेल बर्बाद हुआ। इस कारण 35 ओवर कम फेंके जा सके।