मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी ने रिलायंस इंडस्ट्रीज से इस्तीफा दे दिया है। नीता अंबानी ने रिलायंस फाउंडेशन को अधिक समय देने के लिए आरआईएल (रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड) के बोर्ड से इस्तीफा देने का फैसला किया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज की 46वीं एजीएम (AGM) में सोमवार 28 अगस्त 2023 को यह जानकारी दी गई। हालांकि, वह रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन बनी रहेंगी।

नीता अंबानी ने एजीएम को संबोधित करते हुए बताया, ‘कंपनी का उद्देश्य भारत को बहु-खेल राष्ट्र बनाना है। हम जमीनी स्तर से लेकर विशिष्ट खेलों तक एक मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र बना रहे हैं। कंपनी का सभी के लिए शिक्षा और खेल कार्यक्रम 2.2 करोड़ युवाओं तक पहुंच चुका है।’

नीता अंबानी ने कहा, ‘पिछले साल रिलायंस फाउंडेशन के एथलीट्स (खिलाड़ियों) ने अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर कुल 139 पदक जीते। हमारे जिन एथलीट्स ने देश को गौरवान्वित किया उनमें ज्योति याराजी, लवलीना बोरगोहेन, डीएम जयराम, तिलोत्तमा सेन, उन्नति हुडा, अमलान बोरगोहेन भी शामिल हैं।’

खेल में हमेशा खुशी और उम्मीद फैलाने की जादुई क्षमता: नीता अंबानी

नीता अंबानी ने कहा, ‘खेल में हमेशा खुशी और उम्मीद फैलाने की जादुई क्षमता है। मुंबई इंडियंस (एमआई) की यात्रा इसका प्रमाण रही है। मुंबई इंडियंस को भारतीय क्रिकेट की नर्सरी कहा जाता है। हम हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह और कई अन्य जैसी युवा प्रतिभाओं की खोज करने में गर्व महसूस करते हैं। हमें गर्व है कि हमारी नवीनतम खोज, युवा और प्रतिभाशाली 20 साल के तिलक वर्मा को भारतीय टीम में जगह मिली है।’

नीता अंबानी ने बताया, ‘एमआई फ्रेंचाइजी ने 4 देशों में 5 टीमों के साथ विश्व स्तर पर विस्तार किया है। ये टीमें आईपीएल में मुंबई इंडियंस (मेन्स और वुमन्स) के अलावा एमआई केपटाउन, एमआई अबुधाबी, एमआई न्यूयॉर्क हैं। हमारी महिला टीम ने भी इस साल मार्च में उद्घाटन महिला प्रीमियर लीग का खिताब जीता।’ नीता अंबानी ने गोल्डन ब्वॉय नीरज चोपड़ा को भी बधाई दी। नीरज चोपड़ा विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय हैं।

भारत में ओलंपिक आयोजन के लिए उठा लिया है पहला कदम: नीता अंबानी

नीता अंबानी ने कहा, ‘अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के सदस्य के रूप में मेरा यह सपना रहा है कि भारत में ओलंपिक खेल होने चाहिए। मुझे आपके साथ यह साझा करते हुए खुशी हो रही है कि हमने उस दिशा में पहला कदम उठा लिया है। इस साल अक्टूबर में हम नीता मुकेश अंबानी सांस्कृतिक केंद्र में 141वें आईओसी सत्र की मेजबानी करेंगे।’

उन्होंने बताया, ‘आपको यह जानकर गर्व होगा कि इस ऐतिहासिक सत्र की बोली के लिए भारत के पक्ष में 75 वोट पड़े, और विपक्ष में केवल 1 वोट पड़ा। हम 40 साल के बाद ओलंपिक मूवमेंट को भारत में लौटा रहे हैं। यह तो बस शुरुआत है! यह भारतीय खेल के लिए एक शानदार नए युग की शुरुआत है। एक ऐसा युग जिसमें हमारे युवा एथलीट उच्चतम स्तर पर हमें गौरवान्वित कर रहे हैं।’