दिल्ली में बृहस्पतिवार को इस मौसम में दिसंबर का अब तक का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री कम 20.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए शहर में येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें सुबह के समय घने कोहरे की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, सुबह के समय आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, कई स्थानों पर मध्यम कोहरा और कुछ जगहों पर घना कोहरा रहेगा। शाम और रात के दौरान धूम कोहरा या हल्का कोहरा छाने की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर में जहरीले धुएं की एक मोटी परत छाई हुई है। सीएक्यूएम (वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग) ने दिल्ली-एनसीआर में GRAP -IV के तहत सभी कार्रवाईयां लागू कर दी हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, निजामुद्दिन क्षेत्र का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 351 है, जिसे ‘अत्यंत खराब’ श्रेणी में रखा गया है। सीपीसीबी के अनुसार, आईटीओ के आसपास का एक्यूआई 409 है, जिसे ‘अत्यंत खराब’ श्रेणी में रखा गया है।

Live Updates
14:48 (IST) 19 Dec 2025

दिल्ली हवाई अड्डे पर 79 उड़ानें रद्द

दिल्ली हवाई अड्डे पर घने कोहरे के कारण शुक्रवार को उड़ान परिचालन बाधित हुआ और कम से कम 79 उड़ानें रद्द कर दी गईं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उड़ानों की जानकारी देने वाली वेबसाइट ‘फ्लाइटरडार24डॉट कॉम’ के अनुसार, हवाई अड्डे पर 230 से अधिक उड़ानों के संचालन में देरी हुई, जबकि यहां से प्रस्थान करने वाली उड़ानों में औसतन 49 मिनट की देरी दर्ज की गई। अधिकारी ने बताया कि कुछ अंतरराष्ट्रीय सेवाओं सहित कुल 79 उड़ानें रद्द की गई हैं।

13:59 (IST) 19 Dec 2025

Delhi Weather LIVE Updates: दिल्ली की कक्षाओं में ‘एयर प्यूरीफायर’ लगाए जाएंगे

दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने शुक्रवार को घोषणा की कि 10,000 कक्षाओं में हवा को साफ करने के लिए ‘एयर प्यूरीफायर’ लगाए जाएंगे। सूद ने संवाददाता सम्मेलन कहा कि सरकार दीर्घकालिक प्रशासनिक उपायों के माध्यम से प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए प्रतिबद्ध है।

13:49 (IST) 19 Dec 2025

दिल्ली में घना कोहरा

राजधानी के कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वायु प्रदूषण से निपटने के लिए प्राधिकारियों द्वारा उठाए गए कदमों के तहत गुरुवार से दिल्ली के बाहर पंजीकृत गैर-बीएस-6 निजी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लागू हो गया है। साथ ही, जिन वाहनों के पास वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र नहीं है, उन्हें पेट्रोल पंपों पर ईंधन नहीं दिया जा रहा है।

12:40 (IST) 19 Dec 2025

दिल्ली की एयर क्वालिटी

दिल्ली के कुछ हिस्सों में शुक्रवार सुबह घने कोहरे और धुंध के कारण विजिबिलिटी कम रही और तापमान नौ डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ श्रेणी में बनी रही और 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 382 दर्ज किया गया जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के ‘समीर’ ऐप के अनुसार, 40 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से 14 केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि 26 केंद्रों पर यह ‘बेहद खराब’ श्रेणी में रही। आंकड़ों के मुताबिक, विवेक विहार में वायु गुणवत्ता सूचकांक सबसे अधिक 434 दर्ज किया गया।

11:40 (IST) 19 Dec 2025

ग्रैप-4 लागू होने के बाद दिल्ली की सड़कों पर वाहनों की आवाजाही घटी

दिल्ली सरकार ने कहा कि GRAP-4 के तहत प्रदूषण नियंत्रण उपायों को सख्ती से लागू किए जाने के बाद राष्ट्रीय राजधानी की सड़कों पर वाहनों की आवाजाही में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। इसके साथ ही, वैध प्रदूषण नियंत्रण (PUC) प्रमाणपत्र से जुड़े नियमों का जनता द्वारा अधिक अनुपालन भी देखा गया है।

10:44 (IST) 19 Dec 2025

दिल्ली से अहमदाबाद जाने वाली स्पाइसजेट की उड़ान रद्द

दिल्ली में खराब मौसम (कम विजिबिलिटी) के कारण दिल्ली से अहमदाबाद जाने वाली स्पाइसजेट की उड़ान SG8193 रद्द कर दी गई। स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों को पूर्ण धनवापसी या अगली उपलब्ध उड़ान में यात्रा करने का विकल्प दिया गया है।

10:40 (IST) 19 Dec 2025

Delhi Weather LIVE Updates: मौसम पर हमारा कोई नियंत्रण नहीं- आशीष सूद

दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने कहा, "दिल्ली का प्रदूषण कोई मौसमी समस्या नहीं है, न ही यह कोई ऐसी समस्या है जो पिछले 10 महीनों में राष्ट्रीय राजधानी में पनपी हो। दिल्ली के प्रदूषण का एक बड़ा हिस्सा आसपास के राज्यों से आता है। मौसम पर हमारा कोई नियंत्रण नहीं है लेकिन पिछले कुछ दिनों से, कुछ बेरोजगार राजनेता, जो कभी ईवीएम, कभी कोयले, कभी बिजली और कभी परमाणु ऊर्जा के विशेषज्ञ बन जाते हैं, सरकार की आलोचना कर रहे हैं।"

10:30 (IST) 19 Dec 2025

Delhi Weather LIVE Updates: दिल्ली में जहरीले धुएं की मोटी परत छाई

दिल्ली के आईटीओ में प्रदूषण कम करने के लिए पोल पर स्प्रे सिस्टम लगाया गया है। पूरे शहर में जहरीले धुएं की मोटी परत छाई हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, इस क्षेत्र का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 409 है, जिसे 'अत्यंत खराब' श्रेणी में रखा गया है।

22:46 (IST) 18 Dec 2025

Delhi Weather LIVE Updates: वायु गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में रहने का अनुमान

दिल्ली के लिए शुक्रवार और शनिवार को वायु गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में रहने का अनुमान है। रविवार को यह और बिगड़कर 'गंभीर' श्रेणी में पहुंच सकती है।

21:49 (IST) 18 Dec 2025

Delhi Weather LIVE Updates: आनंद विहार में सबसे अधिक रहा एक्यूआई

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के समीर ऐप के अनुसार शहर में स्थित 40 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से 15 केंद्रों पर वायु गुणवत्ता 'गंभीर' दर्ज की गई। आनंद विहार में सबसे अधिक 441 एक्यूआई दर्ज किया गया जो 'गंभीर-प्लस' श्रेणी में आता है जबकि 24 केंद्रों पर वायु गुणवत्ता 'अत्यंत खराब' दर्ज की गई।

21:49 (IST) 18 Dec 2025

Delhi Weather LIVE Updates: 'बहुत खराब' श्रेणी में रहा एक्यूआई

दिल्ली में बृहस्पतिवार को धुंध की चादर छा गई, जिससे पूरे शहर में विजिबिलिटी बेहद कम हो गई और वायु प्रदूषण की स्थिति और खराब हो गई। चौबीस घंटे का औसत एक्यूआई 'बहुत खराब' श्रेणी में रहा और इसका स्तर एक दिन पहले के 334 से बढ़कर 373 हो गया।

17:02 (IST) 18 Dec 2025
Delhi Weather LIVE Updates:दिल्ली में पीयूसी को लेकर ट्रैफिक पुलिस सख्त

दिल्ली में ट्रैफिक पुलिस ने गुरुवार को पूरे शहर में प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) अभियान तेज कर दिया है। राजधानी में बीएस-VI मानकों से नीचे के दिल्ली से बाहर के प्राइवेट वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध और 'नो पीयूसी, नो फ्यूल' नियम लागू हो गया है।

15:10 (IST) 18 Dec 2025

दिल्ली एयर पोर्ट पर उड़ानें रद्द

घने कोहरे और उसकी वजह से विजिबिलिटी कम होने के कारण गुरुवार को दिल्ली हवाई अड्डे पर विभिन्न एयरलाइन की 27 उड़ानें रद्द कर दी गईं और कई अन्य के परिचालन में देरी हुई। दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डायल) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया, ‘‘घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण दिल्ली हवाई अड्डे पर 16 प्रस्थान और 11 आगमन से जुड़ी अब तक 27 उड़ानें रद्द हो चुकी हैं।’’

13:35 (IST) 18 Dec 2025
स्ट्रीटलाइट के खंभों पर लगाए गए पानी के फुहारे

दिल्ली के आईटीओ में स्ट्रीटलाइट के खंभों पर लगाए गए पानी के फुहारों का उपयोग धूल और प्रदूषकों से निपटने के लिए किया जा रहा है. शहर की वायु गुणवत्ता अभी भी 'बहुत खराब' श्रेणी में बनी हुई है.

12:57 (IST) 18 Dec 2025

दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण पर भाजपा सांसद

दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण पर भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा, "दिल्ली में प्रदूषण का स्तर चिंता का विषय है। लेकिन पिछले 26-27 वर्षों से दिल्ली में भाजपा की सरकार नहीं थी। भाजपा सरकार फरवरी में सत्ता में आई। सत्ता में आते ही मुख्यमंत्री ने पानी के छिड़काव की व्यवस्था की। फिर भी, ये उपाय संतोषजनक नहीं हैं। एक वैज्ञानिक अध्ययन किया जाना चाहिए और प्रदूषण के वैज्ञानिक कारणों को दूर करने के लिए कदम उठाए जाएंगे। दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार इस बारे में सतर्क हैं और काम किया जा रहा है।

12:07 (IST) 18 Dec 2025

दिल्ली एयरपोर्ट से कई उड़ानें कैंसिल

कोहरे के चलते दिल्ली एयरपोर्ट से कई उड़ानें कैंसिल कर दी गयीं. एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, अब तक दिल्ली से 22 उड़ानें रद्द होने की सूचना मिली है, जिनमें 11 प्रस्थान और 11 आगमन शामिल हैं.

11:22 (IST) 18 Dec 2025

Delhi Weather LIVE Updates: दिल्ली का AQI बेहद ख़राब

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रही और एक्यूआई 358 दर्ज किया गया। आईएमडी ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसम के औसत से 0.9 डिग्री अधिक है। आईएमडी के मुताबिक़, अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

10:40 (IST) 18 Dec 2025

Delhi Weather LIVE Updates: दिल्ली में घने कोहरे के कारण यातायात प्रभावित

दिल्ली में घने कोहरे के कारण कई इलाकों में सड़क यातायात प्रभावित हुआ। दिल्ली को एनसीआर से जोड़ने वाली प्रमुख सड़कों और राजमार्गों पर वाहन धीमी गति से चलते दिखे। कम विजिबिलिटी के कारण वाहन चालकों को सावधानी बरतनी पड़ी। अधिकारियों ने कहा कि सर्दी बढ़ने के कारण आने वाले दिनों में सुबह के समय कोहरा छाया रहने का अनुमान है

09:39 (IST) 18 Dec 2025

Delhi Weather LIVE Updates: दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा

दिल्ली-एनसीआर के बड़े हिस्से में बृहस्पतिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गयी और सामान्य आवाजाही बाधित हुई। आईएमडी के अनुसार, सुबह 6 बजे राष्ट्रीय राजधानी में कोहरा छाया रहा। पालम हवाई अड्डे पर विजिबिलिटी तेजी से गिरकर 150 मीटर तक रह गयी, जबकि सफदरजंग हवाई अड्डे पर 200 मीटर दर्ज की गई।

08:59 (IST) 18 Dec 2025

Delhi: गैर बीएस-6 वाहनों पर प्रवेश प्रतिबंध

पेट्रोल पंप वैध पीयूसी प्रमाणपत्र के बिना वाहनों को ईंधन नहीं दे रहे हैं और इसे स्वचालित ‘नंबर प्लेट रीडर कैमरे’, पंपों पर ‘वॉयस अलर्ट’ और पुलिस की मदद से लागू किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली की सीमाओं सहित 126 जांच चौकियों पर 580 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग की कई प्रवर्तन टीम को पेट्रोल पंपों और सीमा चौकियों पर तैनात किया गया है। हालांकि, गैर बीएस-6 वाहनों पर प्रवेश प्रतिबंध सीएनजी या इलेक्ट्रिक पावर, सार्वजनिक परिवहन, आवश्यक वस्तुओं को ले जाने वाले या आवश्यक सेवाएं प्रदान करने वाले वाहनों पर लागू नहीं है। निर्माण सामग्री ले जाने वाले वाहनों को भी ग्रैप के चौथे चरण के प्रतिबंधों के तहत शहर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं है।

08:37 (IST) 18 Dec 2025

Delhi Weather LIVE Updates: दिल्ली में प्रतिबंध

राष्ट्रीय राजधानी में बिगड़ते वायु प्रदूषण से निपटने के लिए प्राधिकारियों द्वारा उठाए गए कदमों के तहत बृहस्पतिवार से दिल्ली के बाहर पंजीकृत गैर बीएस-6 निजी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लागू हो गया और साथ ही उन वाहनों को पेट्रोल पंप पर ईंधन नहीं मिलेगा जिनके पास प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) नहीं हैं।

08:33 (IST) 18 Dec 2025

Delhi Weather LIVE Updates: प्रदूषण से बेहाल जनता

दिल्ली के एक स्थानीय निवासी ने कहा, "बाहर से आने वाली सभी गाड़ियों को रोका जाना चाहिए। हरियाणा और उत्तर प्रदेश के नंबरों वाली गाड़ियां बड़ी संख्या में दिल्ली में आकर सड़कों पर जाम लगा रही हैं। प्रदूषण के कारण हमें खांसी हो रही है और आंखों में जलन भी महसूस हो रही है।"

08:32 (IST) 18 Dec 2025

Delhi Weather LIVE Updates:दिल्ली के प्रदूषण में परिवहन का योगदान

बुधवार को दिल्ली के प्रदूषण में परिवहन का योगदान 16.3 फीसदी था। दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में स्थित उद्योगों का हिस्सा आठ फीसदी था। पड़ोसी झज्जर का योगदान 16.5 फीसदी था जबकि अन्य स्रोतों का कुल मिलाकर सबसे बड़ा हिस्सा 34.3 फीसदी था।