Ranji Trophy: रणजी ट्रॉफी 2023-24 सीजन की शुरुआत 5 जनवरी से हुई। इस सीजन टूर्नामेंट में 38 टीमें हैं, जिन्हें एलीट ग्रुप के 4 और एक प्लेट ग्रुप में रखा गया है। प्लेट ग्रुप में हैदराबाद और नगालैंड का मैच दीमापुर स्थित नगालैंड क्रिकेट स्टेडियम में है। मैच के पहले दिन हैदराबाद के राहुल सिंह गहलोत ने 147 गेंद में दोहरा शतक ठोक दिया। इस दौरान उन्होंने 23 चौके और 8 छक्के लगाए। राहुल सिंह गहलोत 157 गेंद में 23 चौके और 9 छक्के की मदद से 214 रन बनाकर पवेलियन लौटे। यह रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन का पहला शतक और दोहरा शतक है।
राहुल सिंह गहलोत ने 12 चौके और 3 छक्के की मदद से 84 गेंद में अपना शतक और 8 चौके और एक छक्के की मदद से 40 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया था। इस बीच, एलीट ग्रुप बी में बिहार के खिलाफ मुंबई की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही। पटना स्थित मोइन-उल-हक स्टेडियम में शम्स मुलान की अगुआई वाली मुंबई ने 5 रन पर ही अपना पहला विकेट गंवा दिया था।
मुंबई ने 150 रन पर ही गंवा दिए 6 विकेट
यही नहीं, 98 रन के स्कोर तक पहुंचते पहुंचते मुंबई के 3 बल्लेबाज पवेलियन पहुंच चुके थे। लंच के समय मुंबई का स्कोर 33 ओवर में 3 विकेट पर 104 रन था। खबर लिखे जाने तक उसने 46 ओवर में 150 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे।
मुंबई का चौथा विकेट 35वें ओवर की आखिरी गेंद पर 110 रन के स्कोर पर गिरा। उसे 5वां झटका 41वें ओवर की पहली गेंद और छठा झटका 43वें ओवर की दूसरी गेंद पर लगा। मुंबई की ओर से भूपेन लालवानी और सुवेद परकार ने अर्धशतक लगाए, लेकिन जय बिस्ता, सरफराज खान, प्रसाद पवार और शम्स मुलानी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए।
वीर प्रताप ने 32 रन दे झटके 4 विकेट
मुंबई की ऐसी हालत करने में बिहार के वीर प्रताप सिंह और सकीबुल गनी ने अहम भूमिका निभाई। वीर प्रताप सिंह अब तक 11 ओवर में 32 रन देकर 4 विकेट ले चुके हैं। इसमें 4 ओवर मेडन रहे। सकीबुल गनी भी अब तक 2 विकेट ले चुके हैं।