भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) ने कुछ दिन पहले आउट ऑफ फॉर्म चल रहे चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे और हार्दिक पंड्या को रणजी ट्रॉफी में खेलने की सलाह दी थी। पुजारा और रहाणे ने तो उनकी सलाह मान ली है।

अब दोनों ही खिलाड़ी रणजी ट्रॉफी (Ranji Trophy) में खुद से जूनियर खिलाड़ियों की कप्तानी में इस टूर्नामेंट में खेलने के लिए तैयार हैं। चेतेश्वर पुजारा सौराष्ट्र क्रिकेट टीम में जयदेव उनादकट और अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) मुंबई रणजी टीम में पृथ्वी शॉ की कप्तानी में खेलेंगे। जयदेव उनादकट और पृथ्वी शॉ दोनों ने क्रमशः पुजारा और रहाणे के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा है।

हालांकि, भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) पहले ही गांगुली की सलाह को नजरअंदाज कर चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि वह सीमित ओवर फॉर्मेट में भारतीय टीम को अपनी सेवाएं देने के लिए रणजी ट्रॉफी में नहीं खेलेंगे।

दस फरवरी से शुरू होने वाले रणजी ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए मंगलवार यानी 8 फरवरी को सौराष्ट्र क्रिकेट संघ ने 21 सदस्यीय टीम की घोषणा की है। इसमें बड़ी पारी खेलने का इंतजार कर रहे अनुभवी भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा (Cheteshwar Pujara) भी शामिल हैं। टीम की कमान बाएं हाथ के अनुभवी तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट को सौंपी गई है। आईपीएल में प्रभावित करने वाले तेज गेंदबाज चेतन सकारिया को भी टीम में शामिल किया गया है।

सौराष्ट्र टीम फिलहाल राजकोट स्थित एससीए स्टेडियम में ट्रेनिंग कर रही है। सौराष्ट्र को एलीट ग्रुप डी में रखा गया है। टीम अपने लीग मुकाबले अहमदाबाद में खेलेगी। ग्रुप डी में सौराष्ट्र के साथ 41 बार की रणजी चैंपियन मुंबई, ओडिशा और गोवा को रखा गया है।

क्रिकबज के मुताबिक, मुंबई रणजी टीम की कमान पृथ्वी शॉ को दी जाएगी। खबर के मुताबिक, सलिल अंकोला की अगुआई वाली चयन समिति पृथ्वी शॉ (Prithvi Shaw) को मुंबई टीम का कप्तान बना सकती है। पृथ्वी अभी 22 साल के हैं। उनके पास सिर्फ 5 टेस्ट मैच खेलने का ही अनुभव है। अजिंक्य रहाणे भारतीय टेस्ट टीम के उप कप्तान रह चुके हैं। 33 साल का यह 82 टेस्ट मैच खेल चुका है। उम्र में भी रहाणे पृथ्वी शॉ से 11 साल बड़े हैं।

बता दें कोविड-19 महामारी के कारण पिछले साल रणजी ट्रॉफी का आयोजन नहीं हो पाया था। इस साल भी टूर्नामेंट की शुरुआत 13 जनवरी से होनी थी, लेकिन देश भर में कोरोना वायरस की तीसरी लहर के कारण इसे स्थगित करना पड़ा। टूर्नामेंट का आयोजन अब दो चरण में होगा। पहला चरण गुरुवार से शुरू होकर 15 मार्च तक चलेगा। दूसरा चरण 30 मई से 26 जून तक खेला जाना है।

सौराष्ट्र की टीम इस प्रकार है: जयदेव उनादकट (कप्तान), चेतेश्वर पुजारा, शेल्डन जैकसन, अर्पित वसावदा, चिराग जानी, कमलेश मकवाना, धर्मेंद्रसिंह जडेजा, चेतन सकारिया, प्रेरक मांकड़, विश्वराजसिंह जडेजा, हार्विक देसाई, केविन जीवराजानी, कुशांग पटेल, जय चौहान, समर्थ व्यास, पार्थकुमार भुट, युवराजसिंह चूडासामा, देवांग करामता, स्नेल पटेल, किशन परमार और आदित्य जडेजा।