आईपीएल 2024 के लिए आयोजित मिनी ऑक्शन से करीब एक हफ्ता पहले मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पंड्या को अपना कप्तान नियुक्त किया था। पिछले एक दशक से मुंबई के कप्तान रहे रोहित शर्मा को जब फ्रेंचाइजी ने कैप्टेंसी से हटाया तो तभी से ये चर्चाएं शुरू हो गई थी कि क्या रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस का साथ छोड़ सकते हैं? ऑक्शन से पहले ये अटकलें लगने लगी कि मुंबई इंडियंस रोहित को अन्य फ्रेंचाइजियों के साथ ट्रेड करने की योजना बना रही है। अब इन अटकलों पर फ्रेंचाइजी की प्रतिक्रिया आ गई है।
इन दावों पर मुंबई इंडियंस ने दी प्रतिक्रिया
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई इंडियंस के अधिकारियों ने रोहित के कहीं और जाने की खबरों को झूठा बताया है और ऐसे सभी दावों का खंडन किया है जिसमें ये कहा जा रहा है कि रोहित को ट्रेड किया जा सकता है। मुंबई इंडियंस के अधिकारियों ने बताया है कि ये खबर पूरी तरह से फर्जी है कोई भी खिलाड़ी मुंबई फैमिली को नहीं छोड़ेगा और ना ही किसी खिलाड़ी का ट्रेड किया जाएगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि हार्दिक पंड्या को कप्तान बनाने से पहले टीम के हर खिलाड़ी से बात की गई थी। इस निर्णय में रोहित शर्मा की भी सहमति थी।
सीएसके और दिल्ली को लेकर थी चर्चा
मुंबई इंडियंस का स्पष्टीकरण तब आया है जब कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि दिल्ली कैपिटल और चेन्नई सुपर किंग्स रोहित शर्मा और मुंबई इंडियंस के कुछ अन्य खिलाड़ियों को ट्रेड कर सकती है यदि वह बिकने के लिए उपलब्ध होंगे। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया जा रहा था कि एमआई ने रोहित शर्मा को ट्रेड करने के दिल्ली कैपिटल के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया है।
मुंबई इंडियंस के फैसले से हैरान हुए थे खिलाड़ी
रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पंड्या को मुंबई इंडियंस का कप्तान बनाए जाने के फैसले की काफी आलोचना हुई थी। फैंस के साथ-साथ मुंबई के खिलाड़ियों ने भी इस पर हैरानी जताई थी। सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह और इशान किशन जैसे खिलाड़ियों ने साइलेंट रिएक्शन दिया था। उनकी इस प्रतिक्रिया के बाद टीम में दरार की खबरें सामने आने लगी थी। ऐसे में रोहित के मुंबई इंडियंस छोड़ने की खबरों ने फैंस को झटका दिया था, लेकिन फ्रेंचाइजी ने ऐसी अटकलों को खारिज कर दिया है।