इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 का फाइनल मुकाबला 10 नवंबर को ही मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया था। मुंबई की टीम पांचवीं बार चैंपियन बनी थी। आईपीएल इतिहास में पहली बार चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम प्लेऑफ में नहीं पहुंची। लीग राउंड में बाहर होने के बाद महेंद्र सिंह धोनी दिखाई नहीं दे रहे थे। धोनी आमतौर पर सोशल मीडिया और सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर रहते हैं। अब वे आईपीएल के बाद पहली बार दुबई में नजर आए हैं।

दरअसल, टूर्नामेंट समाप्त होने के बाद माही अपने घर रांची चले गए थे। उसके बाद वे पत्नी साक्षी और बेटी जीवा के साथ छुट्टी मनाने के लिए दुबई गए हैं। साक्षी ने लगातार दो दिन अपने इंस्टाग्राम स्टेटस में धोनी की तस्वीर लगाई है। पहले उन्होंने दो तस्वीरें स्टेटस में लगाई। उसमें वे खुद थीं। एक तस्वीर में धोनी और जीवा थीं। इसके बाद उन्होंने अगले दिन भी धोनी की तस्वीर शेयर की। इसमें साक्षी और उनके कई दोस्त भी थे। धोनी लॉकडाउन में रांची में ही थे। इसके बाद वो आईपीएल में हिस्सा लेने के लिए चेन्नई और फिर वहां से यूएई गए थे।

हाल ही में यह खबर सामने आई थी कि टीम इंडिया को दो-दो विश्वपकप दिलाने वाले पूर्व कप्तान धोनी मुंबई शिफ्ट होने वाले हैं। इस बात का इशारा उनकी पत्नी साक्षीने किया है। साक्षी ने सोशल मीडिया में अपने नए घर की झलक फैंस के साथ शेयर की थी। साक्षी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर ये फोटो पोस्ट करते हुए लिखा था – हमारा नया घर। ये निर्माणाधीन घर मुंबई में है। माना जा रहा है कि धोनी परिवार के साथ मुंबई शिफ्ट हो जाएंगे।

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो माही धोनी एंटरटेनमेंट नाम से प्रोडक्शन कंपनी शुरू करने जा रहे हैं जिसकी मैनेजिंग डायरेक्टर खुद साक्षी होंगी। हालांकि, अभी तक इस बारे में धोनी या साक्षी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामन नहीं आया है। धोनी इंटरनेशनल क्रिकेट के हर फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं। रिटायर होने के बाद भी धोनी की ब्रैंड वैल्यू कम नहीं हुई है। CAknowledge.com के मुताबिक एमएसधोनी के पास कुल 760 करोड़ रुपए की संपत्ति है।