इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 17वें मुकाबले में रोहित शर्मा का बल्ला नहीं चला। मुंबई इंडियंस के कप्तान सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। रोहित ने मैच के पहले ओवर में छक्के से शुरुआत की। शारजाह के छोटे मैदान को देखकर लगा कि आज रोहित बड़ा स्कोर बना सकते हैं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्हें तेज गेंदबाज संदीप शर्मा ने पवेलियन का रास्ता दिखा दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरे रोहित से टीम को काफी उम्मीदें थीं। वे संदीप की शुरुआती 3 गेंदों पर रन नहीं बना सके। चौथी गेंद पर उन्होंने डीप मिड-विकेट के ऊपर लंबा छक्का मारा। ऐसा लगा कि अब उन्होंने अपना गियर बदल लिया है। संदीप की अगली ऑफ स्टंप से काफी ज्यादा बाहर थी। रोहित उसे ऑफ साइड में मारना चाहते थे। गेंद विकेटकीपर के दस्ताने में चली गई। संदीप और विकेटकीपर जॉनी बेयरस्टो ने कैच की अपील की, लेकिन अंपायर ने आउट नहीं दिया। कप्तान डेविड वॉर्नर ने विकेटकीपर और गेंदबाज के कहने पर पहले ही ओेवर में डीआरएस ले लिया। रिव्यू में साफ दिखा कि रोहित का बल्ला गेंद से लगा है और थर्ड अंपायर ने उन्हें आउट करार दिया।
रोहित ने संदीप की गेंद पर आईपीएल में कुल 34 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 37 गेंद खेले हैं। संदीप तीसरी बार उन्हें आउट करने में सफल रहे हैं। रोहित के जाने के बाद सूर्यकुमार यादव क्रीज पर उतरे। दोनों बल्लेबाजों ने तेजी से रन बनाए। पावरप्ले खत्म होने से ठीक पहले छठे ओवर की पांचवीं गेंद पर सूर्यकुमार आउट हो गए। टी नटराजन की गेंद पर सिद्धार्थ कौल ने उनका कैच लिया। मुंबई ने पावरप्ले में 2 विकेट पर 48 रन बनाए। इस आईपीएल में शारजाह के मैदान पर पावरप्ले में सबसे कम रन बनाने का अनचाहा रिकॉर्ड उसके नाम दर्ज हो गया।
इससे पहले राजस्थान रॉयल्स ने एक विकेट पर 54 रन और 1 विकेट पर 69 रन, किंग्स इलेवन पंजाब ने बिना विकेट गंवाए 60 रन, कोलकाता नाइटराइडर्स ने 1 विकेट पर 59 रन, दिल्ली कैपिटल्स ने 1 विकेट पर 57 रन और चेन्नई सुपरकिंग्स ने बिना विकेट गंवाए 53 रन बनाए हैं। शारजाह के मैदान पर इस आईपीएल में 1000 से ज्यादा रन 3 मैच में ही बन गए थे। यहां पर बल्लेबाजों का पलड़ा भारी रहा है।