कोरोनावायरस से दुनिया में 24 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। भारत में यह संख्या 18600 से ज्यादा हो चुकी है। कोविड 19 महामारी अब तक एक लाख 70 हजार से ज्यादा लोग मौत के मुंह में समा चुके हैं। भारत में भी 590 लोगों की मौत हो चुकी है। इस वारयस ने दुनिया की रफ्तार थाम दी है। खेल गतिविधियों पर भी लगाम लग गई है। इस वायरस के कारण ज्यादातर खेल प्रतियोगिताएं टाल दी गईं हैं, कई रद्द भी कर दी गई हैं। दुनिया के 200 से ज्यादा देशों में लॉकडाउन है। भारत में भी इसकी अवधि 3 मई तक बढ़ा दी गई है। ऐसे में खिलाड़ी फैंस से जुड़ने के लिए सोशल मीडिया का सहारा ले रहे हैं।

भारतीय क्रिकेट टीम के भरोसेमंद खिलाड़ी केएल राहुल भी अपनी एक पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। राहुल ने इंस्टाग्राम पर अपना एक वीडियो पोस्ट किया है। इसमें वे बॉस्केटबॉल खेलते दिख रहे हैं। वे परफेक्ट तरीके से गेंद को बॉस्केट में डालते दिख रहे हैं। उनके इस वीडियो को देखकर टीम इंडिया के स्टार गेंदबाज इशांत शर्मा की पत्नी प्रतिमा सिंह खुद को प्रतिक्रिया देने से रोक नहीं पाईं। दरअसल, प्रतिमा खुद भी बॉस्केटबॉल की शानदार खिलाड़ी रही हैं। वे भारतीय महिला बॉस्केटबॉल टीम के लिए भी खेल चुकी हैं। उनकी दो अन्य बहनें प्रशांती सिंह और आकांक्षा सिंह भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

 

View this post on Instagram

 

lock the target, take the shot #beenawhile

A post shared by KL Rahul (@rahulkl) on


प्रतिमा ने राहुल की पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा, ‘क्या बात है। मुझे नहीं पता था कि तुम बॉस्केटबॉल भी खेल लेते हो।’ प्रतिमा के इस कमेंट पर राहुल ने लिखा, ‘नकली प्लेयर।’ इस पर प्रतिमा ने लिखा, ‘हाहाहाहा… तुम्हारे शॉट को देखकर तो ऐसा नहीं लग रहा। लॉकडाउन के बाद वन ऑन वन एक मैच खेल लेते हैं।’ इस पर राहुल ने प्रतिमा की चुनौती स्वीकार करते हुए लिखा, ‘चलो हो जाए…।’

बता दें कि राहुल इस महीने की 18 तारीख को ही 28 साल के हुए हैं। उन्होंने अपने जन्मदिन पर एक बहुत ही प्रेरणादायी फैसला लिया। उन्होंने अपने ब्रांड ‘गली’ संग मिलकर गरीब बच्चों की मदद करने का फैसला किया। राहुल ने 2019 वर्ल्ड कप के बल्ले समेत कई चीजें नीलाम करने का फैसला किया है। नीलामी से मिलने वाली राशि ‘अवेयर फाउंडेशन’ को दी जाएगी।