टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर चर्चा में हैं। ट्विटर पर उनकी रिटायरमेंट की अफवाह के बाद आईपीएल ने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर माही की एक तस्वीर शेयर की है। इसमें वे किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान केएल राहुल और विकेटकीपर निकोलस पूरन के साथ दिखाई दे रहे हैं। इस फोटो को शेयर करते हुए आईपीएल ने फैंस से मजेदार सवाल पूछा। उसने पूछा, ‘‘केएल राहुल यहां पर थाला (चेन्नई में धोनी को प्यार से कहा जाता है) से क्या पूछ रहे हैं?’’
आईपीएल द्वारा इस तस्वीर को शेयर करने के बाद सैंकड़ों की संख्या फैंस कमेंट करने लगे। लोग राहुल और धोनी के बीच में ऋषभ पंत को भी ले आए। एक फैन ने कहा, ‘‘वो ऋषभ को क्या बताते हो मुझे भी बताओ। इसके कुछ महीनों बाद, केएल ने ऋषभ की जगह ले ली।’’ वहीं, एक अन्य फैन ने लिखा, ‘‘कैसे पंत की तरह नहीं होना चाहिए।’’ एक यूजर ने लिखा- आपका हाथ स्टंप के पीछे इतना तेजी से कैसे चलता है। वहीं, एक यूजर ने कहा- एमएस धोनी कैसे बने।
हाल ही में धोनी एक बार फिर से ट्विटर पर ट्रेंड हुए। इस दौरान उनके रिटारमेंट को लेकर #DhoniRetiers ट्रेंड हो रहा था। माही की पत्नी साक्षी धोनी इसे देखकर भड़क गई और उन्होंने ट्रोल्स को अपना काम करने की नसीहत दे डाली। दरअसल, बुधवार यानी 27 मई को शाम को ट्विटर पर कुछ यूजर #DhoniRetiers कराने लगे। इस पर साक्षी के सब्र का बांध टूट गया। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘‘यह सब सिर्फ अफवाह है! मैं समझ सकती हूं कि लॉकडाउन ने लोगों को मानसिक रूप से बीमार कर दिया है! #DhoniRetires’ ट्वीट करने वालों जाओ अपना काम करो।’’
Online Game खेलने के लिए क्लिक करें
हालांकि, बाद में उन्होंने इस ट्वीट को अपने आधिकारिक अकाउंट से हटा दिया। इससे पहले विराट कोहली ने एक बार धोनी के साथ तस्वीर शेयर की थी। तब भी यह बात चली थी कि माही रिटायर हो रहे हैं। कोहली ने बाद में ट्रोल्स को करारा जवाब दिया था। कुछ महीने पहले भी सोशल मीडिया पर धोनी के रिटायरमेंट की खबरें ट्रेंड हुईं थी तब भी साक्षी ने ही इनका खंडन किया था।