आईपीएल 2022 के ऑक्शन और रिटेंशन को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई हैं। इसी बीच सामने आई एक रिपोर्ट के मुताबिक एमएस धोनी को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) अगले तीन सीजन के लिए रिटेन करेगी। इसके अलावा सुरेश रैना को पहली बार फ्रेंचाइजी छोड़ सकती है। वहीं पंजाब किंग्स के पूर्व कप्तान और खिलाड़ी केएल राहुल भी नई जिम्मेदारी के साथ नजर आ सकते हैं।

इसके अलावा सीएसके रवींद्र जडेजा और ऋतुराज गायकवाड़ को भी रिटेन करेगी। इन दोनों ही खिलाड़ियों ने 2021 में सीएसके को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। आपको बता दें कि बीसीसीआई द्वारा बनाए गए नियमानुसार एक टीम सिर्फ अधिकतम चार खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती है।

ऐसे में रिपोर्ट के मुताबिक सीएसके मोईन अली के नाम पर भी चर्चा कर रही है। वहीं अगर मोइन अली टीम के साथ नहीं रहना चाहेंगे तो उनके हमवतन खिलाड़ी इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन को भी ये टीम रिटेन कर सकती है। वहीं सीएसके पहली बार सुरेश रैना का साथ छोड़ सकती है। उन्हें आईपीएल 2021 के नॉकआउट मुकाबलों में भी टीम से बाहर रखा गया था।

सभी फ्रेंचाइजीज को 30 नवंबर तक अपने रिटेन करने वाले खिलाड़ियों की सूची बोर्ड को भेजनी है। आईपीएल 2022 के लिए मेगा ऑक्शन अगले महीने आयोजित होगा। इस बार दो नई टीमें संजीव गोएंका के RPSG ग्रुप की लखनऊ और CVC कैपिटल्स की अहमदाबाद भी ऑक्शन में शामिल होंगी। इन टीमों ने भी भारतीय खिलाड़ियों को अप्रोच करना शुरू कर दिया है।

हमारे सहयोगी इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार केएल राहुल को लखनऊ की टीम का कप्तान बनाया जा सकता है। ये भी कहा जा रहा है कि केएल राहुल ने इस प्रस्ताव को स्वीकार भी कर लिया है। वहीं सूर्यकुमार यादव को भी नई फ्रेंचाजी द्वारा ऑफर दिया गया है जिस पर उनकी तरफ से अभी जवाब का इंतजार है।

पंत करेंगे दिल्ली की कप्तानी

इससे पहले सामने आई जानकारी के मुताबिक दिल्ली कैपिटल्स ने ऋषभ पंत को ही अपना कप्तान बनाए रखने का मन बना लिया है। टीम ने श्रेयस अय्यर, रविंचंद्रन अश्विन को रिलीज कर दिया है। दिल्ली ने पंत के अलावा, अक्षर पटेल, पृथ्वी शॉ और एनरिक नॉर्किया को भी रिटेन कर लिया है।

काव्या मारन की टीम राशिद खान पर लगा सकती है बड़ा दांव, शाहरुख खान भी हैं प्रीति जिंटा के रडार पर

कौन-कौन हुआ रिटेन?

सीएसके: एमएस धोनी, रवींद्र जडेजा, ऋतुराज गायकवाड़, मोइन अली/सैम करन।

दिल्ली कैपिटल्स: ऋषभ पंत, पृथ्वि शॉ, एनरिक नॉर्किया, अक्षर पटेल।

मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, कीरोन पोलार्ड (चर्चा जारी है), इशान किशन (संभावित)

केकेआर: सुनील नरेन, आंद्रे रसेल