इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के मेगा ऑक्शन की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच ऑक्शन की तारीखों को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आया है। बीसीसीआई के एक अधिकारी ने जानकारी दी है कि, पूर्व सूचना के अनुसार नीलामी जनवरी के पहले सप्ताह तक होनी थी। लेकिन अब ये तारीख चौथे सप्ताह तक बढ़ सकती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बीसीसीआई के अधिकारी ने बताया कि, हम अभी भी आईपीएल 2022 की नई टीमें अहमदाबाद फ्रेंचाइजी की सीवीसी ऑनरशिप पर विशेष रूप से नियुक्त समिति के फैसले का इंतजार कर रहे हैं। जब तक ऐसा नहीं किया जाता, नीलामी की तारीखें फाइनल नहीं हो पाएंगी।
इनसाइड स्पोर्ट्स की खबर के अनुसार बीसीसीआई ने इससे पहले फ्रेंचाइजीजी को अनौपचारिक रूप से बताया गया था कि नीलामी जनवरी के पहले सप्ताह में होगी। लेकिन अहमदाबाद फ्रेंचाइजी से संबंधित मुद्दों फैसले में देरी के कारण नीलामी जनवरी के चौथे सप्ताह तक बढ़ सकती है।
नई फ्रेंचाइजीज को भी देनी होगी विंडो
बीसीसीआई के अधिकारी ने ये भी बताया कि,’इसके अलावा हमें लखनऊ और अहमदबाद दोनों नई टीमों को नीलामी से पहले अपने 3-3 खिलाड़ी चुनने के लिए उचित विंडो भी देनी होगी। इसी कारण हमें नहीं लगता है कि जनवरी के तीसरे या फिर चौथे सप्ताह से पहले नीलामी होगी।’
गौरतलब है कि इससे पहले पुरानी 8 फ्रेंचाइजीज ने अपने-अपने रिटेन किए गए खिलाड़ियों की सूची 30 नवंबर तक बोर्ड को सौंप दी थी। मौजूदा 8 फ्रेंचाइजियों ने कुल 27 खिलाड़ियों को रीटेन किया है। इस रिटेंशन में कई बड़े खिलाड़ी रिटेन नहीं किए गए हैं और वे मेगा ऑक्शन में आ गए हैं।
PL 2022 के लिए रिटेन किए गए ये खिलाड़ी
- चेन्नई सुपरकिंग्स: रविंद्र जाडेजा, एमएस धोनी, मोईन अली, ऋतुराज गायकवाड़।
- दिल्ली कैपिटल्स: ऋषभ पंत, अक्षर पटेल, पृथ्वी शॉ, एनरिक नॉर्टजे।
- कोलकाता नाइटराइडर्स: आंद्रे रसेल, वरुण चक्रवर्ती, वेंकटेश अय्यर, सुनील नरेन।
- मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव, कीरोन पोलार्ड।
- पंजाब किंग्स: मयंक अग्रवाल, अर्शदीप सिंह।
- राजस्थान रॉयल्स: संजू सैमसन, जोस बटलर, यशस्वी जायसवाल।
- रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर: विराट कोहली, ग्लेन मैक्सवेल, मोहम्मद सिराज।
- सनराइजर्स हैदराबाद: केन विलियमसन, अब्दुल समद, उमरान मलिक।
इससे पहले नई फ्रेंचाइजी संजीव गोयनका के RPSG ग्रुप ने जिम्बाब्वे के स्टार खिलाड़ी रहे एंडी फ्लावर को हेड कोच नियुक्त किया था। शनिवार को इसी टीम ने पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर को अपना मेंटोर भी नियुक्त किया था। खबरें ये भी हैं कि ये टीम केएल राहुल को अपना कप्तान बना सकती है। साथ ही अहमदाबाद की कमान श्रेयस अय्यर संभाल सकते हैं।