भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 13वें सीजन को 15 अप्रैल तक टाल दिया है। बोर्ड ने यह फैसला कोरोना वायरस के बढ़ते प्रभावों के कारण लिया है। टूर्नामेंट पहले 29 मार्च से शुरू होना था। इसके लिए आठों फ्रैंचाइजियों के खिलाड़ियों ने तैयारियां शुरू कर दी थी। सबसे पहले तीन बार की चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स ने कैंप लगाया था। टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अभ्यास सत्र के पहले दिन से ही साथी खिलाड़ियों के साथ हैं। इस दौरान धोनी की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई।
शनिवार यानी 14 मार्च को चेन्नई सुपरकिंग्स के ऑफिशियल फैनपेज ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें धोनी ग्लव्स पहनकर कप्तानी करते दिखाई दिए। वे फील्डर्स को सही जगह पर लगा रहे थे। धोनी पिछले साल हुए वनडे वर्ल्ड कप के बाद से पेशेवर क्रिकेट से दूर हैं। उन्हें देखने के लिए फैंस अभ्यास सत्र में हजारों की संख्या में स्टेडियम में मौजूद दिखाई दिए। धोनी अभ्यास सत्र में ज्यादा समय अपनी बल्लेबाजी को निखारने में लगा रहे हैं। इस दौरान वे विकेटकीपिंग का भी अभ्यास करते नजर आए।
कोरोना वायरस: IPL रद्द हुआ तो लगेगी 3500 करोड़ रुपए की चपत, 600 नौकरियों पर भी खतरा
हालांकि, चेन्नई सुपरकिंग्स ने कोरोनावायरस के कारण अगले आदेश तक अपने सारे अभ्यास सत्र को रोक दिया है। आईपीएल को आगे बढ़ाने के बाद चेन्नई के अलावा कई अन्य टीमें भी अपने अभ्यास सत्र को टालने पर विचार कर रही है। इससे पहले धोनी का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वे सुरेश रैना के साथ दिखाई दे रहे थे। अभ्यास सत्र में धोनी ने शतक लगाया था। उस वीडियो के वायरल होने के बाद दावा किया जा रहा था कि पूर्व भारतीय कप्तान ने 91 गेंद पर 123 रन बनाए थे। इस दौरान वे दो बार आउट हुए भी थे।
Full Practice Match : CSK 2020 | MSDhoni | S Raina | Chennai Anbuden | I… https://t.co/iBo5HQvUPM via @YouTube
— Aditya Tiwari (@journAditya23) March 12, 2020
चेन्नई की टीम 2010, 2011 और 2018 में आईपीएल का खिताब जीत चुकी है। धोनी इस टूर्नामेंट के दूसरे सबसे सफल कप्तान हैं। रोहित शर्मा के नेतृत्व में मुंबई इंडियंस की टीम चार बार खिताब जीत चुकी है। बता दें कि चेन्नई की टीम प्रतिबंध लगने के कारण 2016 और 2017 सीजन में नहीं खेल पाई थी। वापसी के 2018 में चैंपियन बनी और 2019 में फाइनल खेली। पिछली बार फाइनल में उसे मुंबई इंडियंस ने हरा दिया था।