कोरोनावायरस के कारण IPL 2020 को 15 अप्रैल तक टाल दिया गया है। इस कारण कई फ्रैंचाइजियों ने अपने अभ्यास सत्र को रद्द करने का फैसला किया है। इसमें तीन बार की चैंपियन टीम चेन्नई सुपरकिंग्स भी है। उसने अगले आदेश त अभ्यास सत्र को रोक दिया है। टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 1 मार्च को ही अभ्यास के लिए चेन्नई पहुंच गए थे, लेकिन अब वे वहां से वापस लौट गए हैं।
धोनी ने यह फैसला अभ्यास सत्र रद्द और आईपीएल टलने के कारण लिया है। टीम के कप्तान के चेन्नई से लौटने के समय दर्जनों फैंस उनसे मिलने पहुंचे। इस दौरान सबने थाला-थाला के नारे लगाए। चेन्नई में धोनी को थाला यानी बड़ा भाई कहा जाता है। धोनी जब वापसी के समय जब सबसे मिल रहे थे, तभी एक फैन ने उनसे कहा, ‘‘चेन्नई आपका घर है सर।’’फैन की इस बात पर धोनी के चेहरे पर मुस्कान आ गई और उन्होंने सिर और हाथ हिलाते हुए हामी भर दी।
फैंस से मिलते वक्त धोनी सबसे हाथ मिला रहे थे। इसे लेकर ट्विटर पर एक यूजर ने लिखा- किसी से हाथ मत मिलाइए। कोरोनावायरस के डर के कारण दुनिया भर में लोग हाथ मिलाने से बच रहे हैं। उसकी जगह नमस्ते कर रहे हैं या कोहनी टकरा रहे हैं। धोनी ने अभ्यास सत्र के दौरान लगातार बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग का अभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने अभ्यास मैच में एक शतक भी लगाया।
“It has become your home sir!” Keep whistling, as #Thala Dhoni bids a short adieu to #AnbuDen. pic.twitter.com/XUx3Lw4cpH
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) March 14, 2020
@msdhoni pls avoid shaking hands
— imrealofficial (@imrealOffl) March 14, 2020
इससे पहले शनिवार यानी 14 मार्च को मुंबई में BCCI, आईपीएल गवर्निंग काउंसिल और सभी फ्रैंचाइजियों के बीच एक बैठक हुई। इसमें आईपीएल के भविष्य को लेकर चर्चा हुई। बोर्ड ने कोरोनावायरस के कारण ‘वेट एंड वाच’ की नीति अपनाई है। हालांकि, बोर्ड अध्यक्ष सौरव गांगुली ने यह संकेत दे दिए हैं कि इस बार टूर्नामेंट छोटा होगा।