वेस्टइंडीज और किंग्स इलेवन पंजाब के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल ने आईपीएल 2020 के 49वें मैच में एक खास उपलब्धि अपने नाम किया। गेल टी20 क्रिकेट में 1000 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 19वें ओवर में कार्तिक त्यागी की गेंद पर 1000वां छक्का लगाया। गेल के बाद टी20 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड मुंबई के कीरोन पोलार्ड के नाम है। उन्होंने अब तक 690 छक्के लगाए हैं।

क्रिस गेल ने 410वें मैच में अपना 1000वां छक्का लगाया। उन्होंने अब तक 1001 छक्के लगाए हैं। उनके कुल रन 13572 में से 6006 रन सिर्फ छक्के से बने हैं। क्रिस गेल की तूफानी पारी की बदौलत पंजाब ने राजस्थान को 186 रन का लक्ष्य दिया। उसने 20 ओवर में 4 विकेट पर 185 रन बनाए। गेल 99 रन के निजी स्कोर पर जोफ्रा आर्चर की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 8 छक्के लगाए। गेल ने 157.14 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए।

गेल आईपीएल में दो बार 99 रन बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। इससे पहले वो एक बार 99 रन पर नाबाद रहे थे। दोनों बार ‘R’ फैक्टर रहा है। पिछली बार जब वे 2019 में 99 रन पर नाबाद लौटे थे, तब सामने RCB की टीम थी। इस बार RR की टीम है। गेल ने मैच में दूसरे विकेट के लिए केएल राहुल के साथ शतकीय साझेदारी की। दोनों ने 120 रनों की साझेदारी की।

IPL 2020: केएल राहुल ने रचा इतिहास, KXIP के लिए दो सीजन में 600 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज

गेल ने इस सीजन में अपना तीसरा अर्धशतक लगाया। उनके रहते अब तक पंजाब की टीम सभी मुकाबलों में जीती है। गेल ने इस सीजन में 6 मैच में 46 की औसत से 276 रन बनाए। गेल का स्ट्राइक रेट 144.50 का रहा है। उन्होंने 15 चौके और 23 छक्के लगाए हैं। मैच में गेल के अलावा केएल राहुल 41 गेंद पर 46 रन बनाकर आउट हुए। राहुल ने अपनी पारी में 3 चौके और दो छक्के लगाए।

शतक से चूकने पर क्रिस गेल ने खोया आपा, पिच पर ही पटक दिया बैट; देखें Video