भारतीय क्रिकेट टीम की टेस्ट क्रिकेट पर से बादशाहत छिन गई है। ऑस्ट्रेलिया ने उसे पहले स्थान से हटा दिया है। भारतीय टीम अक्टूबर 2016 से पहले स्थान पर काबिज थी। टेस्ट चैंपियनशिप में भी वह शीर्ष पर है। भारतीय टीम अब रैंकिंग में तीसरे स्थान पर खिसक गई है। पहले स्थान पर ऑस्ट्रेलिया की टीम और दूसरे स्थान पर न्यूजीलैंड की टीम है। ताजा रैंकिंग में ऑस्ट्रेलियाई टीम के 116 रेटिंग अंक और न्यूजीलैंड के 115 रेटिंग अंक हैं। भारतीय टीम के 114 अंक हैं।

आईसीसी ने रैंकिंग जारी करते हुए अपने बयान में कहा, ‘‘भारत ने अक्टूबर 2016 के बाद पहली बार शीर्ष स्थान गंवा दिया है। इसकी वजह है कि भारत ने 2016-17 में 12 टेस्ट जीते और एक हारा था, लेकिन ताजा अपडेट में इस रिकॉर्ड को हटा दिया गया है। इस दौरान टीम इंडिया ने अपनी सभी पांचों सीरीज जीतने में कामयाब रही। इनमें ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज भी शामिल है।दूसरी ओर, इस दौरान ऑस्ट्रेलिया दक्षिण अफ्रीका के साथ ही भारत से भी हारा।’’

भारत अपना पिछली बार न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेला था। जिसमें उसे 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था। उससे पहले विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया टेस्ट चैंपियनशिप के सभी मुकाबलों में जीत दर्ज करने में सफल रही थी। उसने पहले वेस्टइंडीज को दो टेस्ट की सीरीज में 2-0 और उसके बाद दक्षिण अफ्रीका को तीन टेस्ट की सीरीज में 3-0 से हराया था। दक्षिण अफ्रीका को रैंकिंग में सबसे बड़ा नुकसान हुआ है। वह आठ अंकों की गिरावट के साथ श्रीलंका के बाद छठे स्थान पर आ गया है।

वनडे रैंकिंग में इंग्लैंड पहले स्थान पर काबिज है। उसे दो रेटिंग अंक का फायदा मिला है। दूसरे स्थान पर भारतीय टीम बरकरार है। न्यूजीलैंड तीसरे स्थान पर है। टॉप-10 टीमों की रैंकिंग में बदलाव नहीं हुआ है। दूसरी ओर, टी20 की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया की टीम पहली बार शीर्ष पर पहुंची है। उसने पाकिस्तान को पहले स्थान पर से हटा दिया है। पाकिस्तानी टीम 27 महीनों से शीर्ष पर थी। वह अब चौथे स्थान पर चली गई है। इंग्लैंड दूसरे और भारत तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।