क्रिकेटर से राजनेता बने गौतम गंभीर ने सोमवार को COVID-19 महामारी के प्रसार को रोकने के लिए लोगों को सरकार का साथ देने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि सरकार के दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने वाले सुरक्षित रहने या जेल जाने का विकल्प चुन सकते हैं। पूरा भारत रविवार को ‘जनता कर्फ्यू’के बाद एक पूर्ण तालाबंदी (LOCKDOWN) की ओर बढ़ रहा है। इसी दौरान कुछ ऐसे भी थे जो रात 9 बजे कर्फ्यू खत्म होने के बाद भीड़ में सड़क पर उतर गए थे।

गंभीर ने चेतावनी भरा एक ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, ‘‘खुद भी जाएंगे और परिवार को भी ले जाएं। Quarantine या जेल। पूरे समाज पर ख़तरा ना बने और घर पर रहें। जंग नौकरी और व्यापार से नहीं, ज़िंदगी से है। ज़रूरी सेवाएं देने वाले परेशान ना हों इसका भी ध्यान रखें। LOCKDOWN का पालन करें। जय हिंद।’’ कोरोनावायरस के कारण भारत में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक 467 लोग संक्रमित पाए गए हैं।


गंभीर ने दिल्ली सरकार को सांसद निधि से 50 लाख रुपए देने का ऐलान भी किया है। उन्होंने कहा, ‘‘बिना हथियार जंग नहीं जीती जाती। कोरोना के इलाज और उपकरणों में कोई कमी ना हो इसलिए चाहता हूं कि अस्पतालों को मेरे सांसद फण्ड से 50 लाख दिए जाएं। घर के अंदर रहें, सावधानी और सफ़ाई रखें और सरकार का साथ दें।’’ गंभीर ने इस ट्वीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को टैग किया।


कोरोनावायरस के कारण दुनिया के 190 से ज्यादा देशों के 15 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। 3.50 लाख से ज्यादा लोग इस वायरस से संक्रमित भी हैं। इस दौरान करीब एक लाख लोग ठीक भी हुए हैं। इटली में 54 से ज्यादा लोगों की जान गई है। स्पेन में 1700 ज्यादा लोगों की मौत हुई है। इस बिमारी का इलाज अब तक नहीं ढूंढा जा सका है। खुद की सुरक्षा और सफाई से ही इससे बचा जा सकता है।