आईपीएल 2023 में सोमवार (17 अप्रैल) को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर का चेन्नई सुपर किंग्स से मुकाबला होगा। मुंबई और चेन्नई के बाद आरसीबी के खिलाफ चेन्नई के मैच को कांटे की टक्कर के रूप में देखा जाता है। फैंस को इस मैच का बेसब्री से इंतजार रहता है। हालांकि इस बार विराट कोहली इस टीम के कप्तान नहीं हैं। उनकी जगह फाफ डुप्लेसी के हाथों में कप्तानी है तो वहीं चेन्नई की कमान कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी के ही हाथों में है।
आरसीबी के खिलाफ धोनी के हैं सबसे ज्यादा रन
आईपीएल में धोनी की सबसे पसंदीदा विपक्षी टीम अगर कोई है तो वह आरसीबी है, जिसके खिलाफ धोनी के आंकड़े बहुत ही शानदार हैं। धोनी को आरसीबी की टीम कुछ ज्यादा ही रास आती है और ऐसा उनके आंकड़े कह रहे हैं। आरसीबी के खिलाफ धोनी सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। धोनी ने इस टीम के खिलाफ 30 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने करीब 40 की औसत और 140.33 के स्ट्राइक रेट से 849 रन बनाए हैं।
धोनी का बेस्ट आईपीएल स्कोर RCB के खिलाफ
एमएस धोनी आरसीबी के खिलाफ चार हाफ सेंचुरी भी लगा चुके हैं। हालांकि उनका आईपीएल में शतक नहीं है। इसके अलावा धोनी ने सबसे ज्यादा छक्के भी आरसीबी के खिलाफ ही जड़े हैं। धोनी ने इस टीम के खिलाफ 46 छक्के मारे हैं। आरसीबी के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के मामले में डेविड वार्नर दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 36 छक्के जड़े हैं। इसके अलावा धोना का आईपीएल में सर्वोच्च स्कोर (84) आरसीबी के खिलाफ ही आया है। धोनी ने यह स्कोर 2019 में बनाया था।
धोनी के घुटने में लगी हुई है चोट
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर के खिलाफ धोनी के आंकड़े भले ही अच्छे हों, लेकिन कल के मुकाबले में धोनी के खेलने पर सस्पेंस है। जी हां, धोनी राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में चोटिल हो गए थे। उनके घुटने में चोट लगी थी। मैच के बाद धोनी को लड़खड़ाते हुए देखा गया था। हालांकि सीएसके मैनेजमेंट की ओर से यही पुष्टि की गई है कि धोनी की चोट गंभीर नहीं है और वो कल का मैच जरूर खेलेंगे।