आईपीएल के सातवें मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों की नजर टूर्नामेंट में दूसरी जीत दर्ज करने पर होगी। चेन्नई का यह तीसरा मुकाबला होगा। वह एक मैच में जीता और एक में हारा है। दूसरी ओर, दिल्ली की टीम अपना दूसरा मैच खेलेगी। इस मुकाबले में सीएसके के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक खास उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। वे टी20 क्रिकेट में 300 छक्के लगाने से दो कदम दूर हैं।

धोनी ने राजस्थान के खिलाफ तीन छक्के लगाए थे। उनके अब तक कुल 298 छक्के हैं। अगर वो 300 छक्के पूरे कर लेते हैं तो रोहित शर्मा और सुरेश रेना के क्लब में शामिल हो जाएंगे। टी20 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय रोहित शर्मा हैं। उन्होंने 361 छक्के जड़े हैं। इस मामले में दूसरे स्थान पर सीएसके के बल्लेबाज सुरेश रैना हैं। उनके नाम 311 छक्के हैं। रैना फिलहाल इस आईपीएल में नहीं खेल रहे हैं।

धोनी के अलावा इस मैच में फाफ डुप्लेसिस और रविंद्र जडेजा को पास 2000 आईपीएल रन पूरे करने का मौका है। डुप्लेसिस को उसके लिए 17 रनों की आवश्यकता हैं। वहीं, जडेजा 62 रन दूर हैं। दूसरी ओर, 100 छक्के का आंकड़ा छूने के लिए शिखर धवन को 4 और ऋषभ पंत को 6 छक्के की जरूरत है। सीएसके अगर यह मैच जीत लेती है तो वह तीन टीमों के खिलाफ 15 से ज्यादा मैच जीतने वाली दूसरी टीम बन जाएगी। इस मामले में पहले स्थान पर मुंबई इंडियंस है।

चेन्नई ने दिल्ली के खिलाफ 21 में से 15 मैच अपने नाम किए हैं। पिछले सीजन में दोनों टीमों के बीच 3 मुकाबले खेले गए थे। धोनी की टीम सभी मैच जीतने में कामयाब हुई थी। दोनों टीमों एक ऐसे बल्लेबाज हैं जिनका पावरप्ले में रिकॉर्ड सही नहीं रहा है। 2019 से शेन वॉटसन (सीएसके) और पृथ्वी शॉ (दिल्ली) आईपीएल के दो ऐसे बल्लेबाज हैं, जो पावरप्ले में सबसे ज्यादा 12-12 बार आउट हुए हैं। इस मैच में दोनों ही टीमें ऐसा नहीं चाहेगी।