भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) को पुणे शहर से प्यार हो गया है। उन्होंने इस शहर में नया घर खरीदा है। धोनी ने पुणे के पिंपरी-चिंचवाड़ में नया आशियाना लिया है। वे इस शहर में आईपीएल और टीम इंडिया के मैचों में हिस्सा लेने के लिए कई बार आ चुके हैं। आईपीएल में धोनी ने पुणे सुपर जाएंट्स टीम की कप्तानी भी की थी। वहीं, 2018 में चेन्नई के घरेलू मैचों की मेजबानी पुणे ने ही की थी। धोनी को उसी दौरान इस शहर से लगाव हो गया।
माही मायानगरी में भी घर बनवा रहे हैं। धोनी की पत्नी साक्षी धोनी (Sakshi Dhoni) ने हाल ही में इंस्टाग्राम स्टोरीज में मुंबई में बन रहे घर की तस्वीरें शेयर की थीं। 2011 वर्ल्ड कप जीतने वाले कप्तान ने पुणे के रावेतो के एस्टाडो प्रेसिडेंशियल सोसाइटी में अपना नया घर लिया है। धोनी ने पिछले साल अगस्त में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। उसके बाद से वे रांची स्थित अपने आवास ‘कैलाशपति’ में रह रहे हैं। संन्यास के बाद माही आईपीएल 2020 और आईपीएल 2021 में नजर आ चुके हैं।
आईपीएल 2021 (Indian Premier League) को कोरोनावायरस महामारी के कारण बीच में ही टाल दिया गया। अब इसके बाकी बचे 31 मैच यूएई में सितंबर-अक्टूबर में खेले जाएंगे। धोनी की टीम का प्रदर्शन 14वें सीजन के पहले चरण में शानदार रहा है। चेन्नई सुपरकिंग्स (Chennai Super Kings) की टीम अंक तालिका में 7 मैचों में 5 जीत के साथ दूसरे स्थान पर थी। टीम के 10 अंक हैं। पहले पायदान पर ऋषभ पंत (Rishabh Pant)की टीम दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) है। उसके 12 अंक हैं।
रांची स्थित धोनी का फॉर्महाउस ‘कैलाशपति’ धोनी 7 एकड़ (34 हजार गज) में फैला हुआ है। धोनी ने सभी सुविधाओं का ख्याल रखते हुए इसका निर्माण कराया था। फॉर्म हाउस में इंडोर स्टेडियम है। खूबसूरत स्वीमिंग पूल भी है। माही यहां क्रिकेट का अभ्यास कर सके इसके लिए नेट प्रैक्टिसिंग मैदान भी है। धोनी ने फिट रहने के लिए उन्होंने यहां अल्ट्रा मार्डन जिम भी बनवाया है। माही बाइक के शौकीन हैं। उनके पास 100 से भी ज्यादा बाइक है। उन्होंने खरीदने के बाद कभी कोई बाइक बेची नहीं। इसके लिए अलग से एक गैराज भी है, जिसके चारों तरफ शीशे लगे हुए हैं।