भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज खत्म हो चुकी है। टीम इंडिया ने सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर लिया है। भारत के लिए ऋषभ पंत ने 4 मैच में सबसे ज्यादा 274 रन बनाए। चेतेश्वर पुजारा इस मामले में दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने 271 रन बनाए। हालांकि, वो गेंदों का सामना करने के मामले में दोनों टीमों में नंबर एक स्थान पर रहे। पुजारा ने 928 गेंदों का सामना किया।

भारत की ओर से सीरीज में 20 खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी की। सबने मिलकर 4137 गेंदों का सामना किया। इनमें पुजारा ने अकेले ही 928 गेंदें खेल लीं। इस मामले में दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के मार्नस लाबुशेन रहे। उन्होंने 8 पारियों में 850 गेंदों का सामना किया। इस दौरान लाबुशेन ने 426 रन बनाए। स्टीव स्मिथ ने 612, क्रिस ग्रीन ने 580, अजिंक्य रहाणे ने 562, शुभमन गिल ने 427, मैथ्यू वेड ने 397, ऋषभ पंत ने 392, टिम पेन ने 349 और हनुमा विहारी ने 312 गेंदों का सामना किया।

चेतेश्वर पुजारा ने सीरीज में तीन अर्धशतक लगाए। वे एक बार शून्य पर आउट हुए। उन्होंने सीरीज में कुल 29 चौके लगाए। 4 टेस्ट के दौरान उनका स्ट्राइक रेट 29.20 रहा। पुजारा की कुल 928 गेंदों को ओवर में बदलेंगे तो यह 155 ओवर होगा। वहीं, लाबुशेन ने अकेले 142 ओवर खेलें। पुजारा तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं। उनसे पहले इस क्रम पर महान खिलाड़ी राहुल द्रविड़ बल्लेबाजी करते हैं। पुजारा की भी तुलना द्रविड़ से होती है। इसलिए उन्हें टीम इंडिया का नया ‘दीवार’ कहा जाता है।

भारत ने ब्रिस्बेन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को 3 विकेट से हरा दिया। उसने 328 रन के लक्ष्य को 7 विकेट पर हासिल कर लिया। भारत के लिए शुभमन गिल ने 91, ऋषभ पंत ने नाबाद 89 और चेतेश्वर पुजारा ने 56 रन बनाए। आस्ट्रेलिया की गाबा मैदान पर पिछले 32 वर्षों में यह पहली हार है जबकि भारत ने यहां अपनी पहली जीत दर्ज की। गाबा में भारत ने अब तक 7 मैच खेले हैं। उसे पहली बार जीत मिली है। 5 मैच में भारत को हार का सामना करना पड़ा है। एक मुकाबला ड्रॉ रहा।