कोरोना ने तबाही मचा रखी है। इसमें सबसे ज्यादा अमेरिका प्रभावित हुआ है। यहां अब तक 10 लाख से ज्यादा लोगों की मौत कोरोना से हो चुकी है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने खुद माना है है कि ये हमारे लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमने 10 लाख लोगों को गंवा दिया है। न्यूयॉर्क में अब तक 40 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका में लॉकडाउन की स्थिति बहुत कम रही है। लेकिन बेहतरीन सिस्टम वाले देश में कोरोना की मार बेहद चौंकाने वाली है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने चेतावनी देते हुए कहा है कि कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है। इसे लेकर अभी सतर्कता बरतने की ज्यादा जरूरत है। डब्ल्यूएचओ के मुताबिक अब तक 51.9 करोड़ लोग कोरोना से पीड़ित हो चुके हैं। इससे 62.5 लाख लोगों की मौत हो चुकी है। अब भी 50 देशों में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। WHO का कहना है कि जिस तरह से उत्तर कोरिया में मामले दिख रहे हैं। उसमें एहतियात बरतनी बेहद जरूरी है।
उत्तर कोरिया में कोरोना के तकरीबन चार लाख नए मामले सामने आए हैं। देश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 1213550 हो गई है। आठ लोगों की मौत भी हुई है। किम जोंग उन की सरकारी केसीएनए ने बताया है कि देश में बीते 24 घंटों के दोश्रान 152600 मरीज ठीक भी हुए हैं। किम ने सख्त आदेश जारी किए हैं।
उधर, कोरोना ने चीन को बुरी तरह से तोड़ रखा है। चीन को ओमिक्रॉन की सुनामी का सामना करना पड़ रहा है। चीन के सबसे बड़े शहर शंघाई में तीन सप्ताह से अधिक समय से लॉकडाउन लगा। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वर्तमान में हम ओमिक्रॉन सुनामी का सामना कर रहे हैं। यह वेरिएंट उतनी तेजी से फैलता है, जितने की हम कल्पना नहीं कर सकते हैं।
चीन में हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि बेरोजगारी की दर बढ़कर 5.8 फीसदी पर पहुंच गई। ये 2020 के मई महीने के बाद से सबसे ऊंची दर है। कोरोना की वजह से चीन के हांगझोउ शहर में सितंबर में होने वाले एशियन गेम्स को 2023 तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। मल्टी स्पोर्ट्स गेम का 19वां सीजन शंघाई से लगभग 175 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित झेजियांग प्रांत की राजधानी में 10-25 सितंबर तक होने वाला था।
भारत में घट रहे केस
भारत में कोरोना केस घटने लगे हैं। चार सप्ताह तक तेजी के बाद कोविड-19 मामलों में लगभग 20 फीसदी की गिरावट आई है। इसकी सबसे बड़ी वजह है दिल्ली-एनसीआर में कोरोना संक्रमण में लगातार गिरावट होना है। भारत में बीते सप्ताह 18,500 नए मामले दर्ज हुए। जबकि इसके पिछले सप्ताह (2-8 मई) में करीब 23,000 नए कोविड-19 मामले दर्ज हुए थे। हालांकि पिछले सप्ताह के मुकाबले इस हफ्ते कोविड मौतों की संख्या में इजाफा हुआ। बीते सप्ताह जहां 20 मौतें हुई थीं। वहीं इस सप्ताह मौतों का आंकड़ा 34 रहा।