LoK Sabha Election 2019: मध्य प्रदेश के भोपाल से बीजेपी उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के शहीद हेमंत करकरे पर दिए विवादित बयान के बाद फातिमा रसूल सिद्दीकी ने नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि अगर प्रज्ञा अपने सांप्रदायिक बयानों के लिए मुस्लिमों से माफी मांगती हैं तो वह उनके लिए प्रचार करने को तैयार हैं। बता दें कि फातिमा मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी की एकमात्र मुस्लिम उम्मीदवार थी। फातिमा ने कहा कि मैं उनका विरोध इसलिए कर रही हूं क्योंकि वो लोगों को भड़काने और कई मामलों में शामिल हैं।

National Hindi News, 26 April 2019 LIVE Updates: दिनभर की बड़ी खबरों के लिए क्लिक करें

दरअसल, साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को बीजेपी ने भोपाल सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। उनके सामने कांग्रेस की तरफ से दिग्विजय मैदान में हैं। इस बीच प्रदेश में बीजेपी का मुस्लिम चेहरा फातिमा रसूल सिद्दीकी ने कहा, “मैं उनका (प्रज्ञा ठाकुर) विरोध कर रही हूं क्योंकि वह कई मामलों में शामिल हैं और लोगों को भड़काती हैं। मैं उनके भगवा का सम्मान करती हूं और मैं उनसे भी मेरे जैसे लोगों का सम्मान करने की उम्मीद करती हूं। यह बेहतर होगा यदि वह मुसलमानों से माफी मांगती और उस भाषा का उपयोग नहीं करती जो वह करती हैं। अगर वह ऐसा करती है, तो मैं उनके लिए प्रचार करूंगी।”

आगे बोलते हुए फातिमा ने कहा, “मैं उस भाषा से नाराज हूं, जो वह लोगों को भड़काने के लिए इस्तेमाल करती है। हमारे पास कई चेहरे थे आलोक शर्मा, आलोक संजर, विश्वास सारंग, सुरेंद्रनाथ सिंह लेकिन उन्होंने करकरे जी के बारे में बात की, जबकि हमें इसके बजाय विकास और विकास के कामों को करने की बात करनी चाहिए।” इस दौरान उन्होंने कहा कि मेरी नाराजगी पार्टी (बीजेपी) से नहीं, प्रज्ञा ठाकुर से है। फातिमा ने कहा कि हेमंत करकरे के लिए दिए गए बयान पर भी प्रज्ञा को माफी मांगना चाहिए।

गौरतलब है कि फातिमा को बीजेपी ने मुस्लिम बहुल विधानसभा सीट भोपाल उत्तर से कांग्रेस नेता आरिफ अकील के सामने मैदान में उतारा था। लेकिन फातिमा यह चुनाव 34,857 मतों के अंतर से हार गईं थी। बता दें कि फातिमा मध्य प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री दिंवगत रसूल अहमद सिद्दीकी की बेटी हैं।

Read here the latest Lok Sabha Election 2019 News, Live coverage and full election schedule for India General Election 2019