Lok Sabha Election 2019: लोकसभा चुनाव के दौरान सियासी बयानबाजी का दौरा अपने चरम पर है। इस दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने हरियाणा के अंबाला में रैली के दौरान इशारों में पीएम नरेंद्र मोदी की तुलना दुर्योधन से करते हुए राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की कविता की पंक्तियों का जिक्र किया। प्रियंका ने कहा कि वह (पीएम मोदी) कभी शहीदों के नाम पर वोट मांगते हैं, तो कभी मेरे परिवार के शहीद सदस्यों का अपमान करते हैं। उन्होंने (पीएम मोदी) मेरे शहीद पिता का अपमान किया है। इसके बाद प्रियंका के बयान पर पलटवार करते हुए अमित शाह ने कहा कि दुर्योधन कौन है और अर्जुन कौन है ये 23 मई (काउंटिंग) को साबित हो जाएगा।

क्या बोलीं प्रियंका: अंबाला में एक चुनावी रैली में बोलते हुए प्रियंका गांधी ने इशारों में पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा, “देश ने अहंकार को कभी माफ़ नहीं किया। ऐसा अहंकार दुर्योधन में भी था, जब भगवान कृष्ण उन्हें समझाने गए तो उनको भी दुर्योधन ने बंधक बनाने की कोशिश की। दिनकर जी पंक्तियां हैं, जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है।”

RATE YOUR MP: कैसा है आपके क्षेत्र का सांसद, यहां दीजिए रेटिंग

प्रियंका गांधी के बयान पर शाह का पलटवार: पीएम नरेंद्र मोदी को कथित तौर पर प्रियंका गांधी के द्वारा दुर्योधन कहे जाने पर बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने पलटवार करते हुए कहा, “प्रियंका जी ये लोकतंत्र है। कोई आपके कहने से दुर्योधन नहीं हो जाएगा। दुर्योधन कौन है और अर्जुन कौन है, 23 मई (काउंटिंग) को पता चल जाएगा।”

 

पीएम मोदी ने दिया था चैलेंज: बता दें कि हाल ही में पीएम मोदी ने पूर्व पीएम रहे राजीव गांधी को भ्रष्टाचारी नंबर 1 कहा था। इसके बाद उन्होंने कल (6 मई) फिर कहा कि कांग्रेस में दम है तो वह दिल्ली, भोपाल और पंजाब में राजीव गांधी के नाम पर चुनाव लड़कर दिखाए।