Karnataka Election Result: कर्नाटक विधानसभा चुनाव परिणाम को लेकर वोटों की गिनती जारी है, लेकिन अब तक जो चुनावी रुझान सामने आए हैं। उसके मुताबिक, कांग्रेस पार्टी पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने की ओर आगे बढ़ रही है। कर्नाटक में शनिवार सुबह आठ बजे से 36 केंद्रों पर मतगणना शुरू हुई थी। चुनाव अधिकारियों को नतीजे की स्पष्ट तस्वीर दोपहर तक आने की उम्मीद है। कर्नाटक में 224 विधानसभा सीटों के लिए 10 मई को वोटिंग हुई थी।
बात अगर कर्नाटक चुनाव प्रचार की करें तो इस चुनाव में सभी पार्टियों नेताओं ने जनता को लुभाने के लिए कई रैलियां और जनसभाएं कीं। इस दौरान नेताओं ने राज्य की जनता से कई तरह के वादे और दावे भी किए। ऐसे में अगर हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की रैलियों और जनसभा की बात करें को इन नेताओं ने राज्य में ताबतडतोड़ रैलियां कीं। आइए एक नजर डालते हैं। इन प्रमुख नेताओं की चुनावी रैलियों और जनसभाएं कीं।
पीएम मोदी ने की 18 रैलियां और छह रोड शो
भाजपा की तरफ से पीएम मोदी कर्नाटक चुनाव में सबसे ज्यादा एक्टिव नजर आए। मोदी ने 29 अप्रैल से 7 मई के बीच 7 दिन प्रचार किया। प्रधानमंत्री ने राज्य के 31 जिलों में से 19 जिलों में रैलियां और रोड शो किया। पीएम मोदी ने इस दौरान 18 रैलियां और छह रोड शो किए। रोड शो के जरिए मोदी ने 28 विधानसभा सीटों को कवर किया। मोदी ने मैसूर के प्रसिद्ध मंदिर श्रीकांतेश्वरा मंदिर में दर्शन के साथ अपना चुनाव प्रचार खत्म किया था।
गृह मंत्री अमित शाह ने 16 रैली, 20 रोड शो किए
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पार्टी के लिए पूरी ताकत झोंकी। शाह ने कर्नाटक राज्य में 21 अप्रैल से 7 मई के बीच 9 दिन चुनावी प्रचार किया। उन्होंने 31 जिलों में से 19 जिलों में रैलियां और रोड शो किया। जिसमें 16 रैली और 20 रोड शो शामलि हैं।
राहुल गांधी- 23 रैली और दो रोड शो
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की तरफ से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के चुनाव प्रचार की बात करें तो दोनों नेताओं ने पार्टी के लिए कई रैलियां और रोड शो किए। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने 16 अप्रैल से 7 मई के बीच 11 दिन का प्रचार किया। राहुल गांधी ने राज्य के 31 में से 20 जिलों में रैलियां और रोड शो किया। उन्होंने इस दौरान 23 रैली और दो रोड शो किए।
प्रियंका गांधी- 15 रैली, 11 रोड शो
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों की जीत के लिए कड़ी मेहनत की। प्रियंका गांधी ने 25 अप्रैल से 8 मई के बीच राज्य में नौ दिन का प्रचार किया। प्रियंका ने राज्य के 31 जिलों में से 18 जिलों में रैलियां और रोड शो किया। जिसमें 15 रैली और 11 रोड शो शामिल हैं। प्रियंका के रोड शो ने राज्य की जनता का ध्यान आकर्षित किया।
जानिए पीएम मोदी ने जहां किया चुनाव प्रचार: वहां की स्थिति
बीदर सीट पर पीएम मोदी ने भाजपा प्रत्याशी के लिए चुनाव प्रचार किया था, लेकिन इस सीट से मोदी का करिश्मा भी कोई खास असर नहीं दिखा पाया है। इस सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रहीम खान आगे चल रहे हैं। वहीं बीजापुर सीट से बीजेपी के यतनाल आगे चल रहे हैं। बेलगाम उत्तर विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। कोलार गोल्ड फील्ड्स विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए है। इन सभी सीटों पर पीएम मोदी ने चुनाव प्रचार किया था। कांग्रेस ने कहा है कि कर्नाटक में यह तय हो गया है कि कांग्रेस की जीत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हार हुई है।
प्रियंका गांधी ने विजयनगर में किया था रोड शो
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की बात करें तो उन्होंने भी बीदर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के लिए चुनाव प्रचार किया था। यहां पर कांग्रेस प्रत्याशी रहीम खान आगे चल रहे हैं। वहीं बेलगाम ग्रामीण विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। बता दें, बेलगाम में अमित शाह ने रोड शो किया था। वहीं कर्नाटक के विजयनगर में प्रियंका गांधी ने रोड शो किया था। विजयनगर सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।