Domariyaganj: Jagdambika Pal: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए सभी पार्टियों ने कमर कस ली है। बीजेपी ने डुमरियागंज लोकसभा सीट से तीसरी बार जगदंबिका पाल पर भरोसा जताया है। जगदंबिका पाल 2014 से लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं ।
जगदंबिका पाल वर्तमान में डुमरियागंज से बीजेपी सांसद हैं। उन्होंने 2014 और 2019 का लोकसभा चुनाव बीजेपी के टिकट पर लड़ा और जीता भी। इससे पहले 2009 में भी वह इसी सीट से लोकसभा का चुनाव जीते थे। हालांकि वह तब कांग्रेस में थे।
2014 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले उन्होंने कांग्रेस पार्टी छोड़ बीजेपी का दामन थाम लिया। उसके बाद बीजेपी ने उन्हें डुमरियागंज से ही उम्मीदवार बनाया। 2014 में जगदंबिका पाल ने बीएसपी के मोहम्मद मुकीम को 1 लाख से अधिक वोटों के अंतर से हराया था। इसके बाद 2019 में उन्होंने बीएसपी के आफताब आलम को 1,05,321 वोटों से हराया था।
एक दिन के सीएम थे जगदंबिका पाल
उत्तर प्रदेश की राजनीति के सबसे प्रमुख चेहरों में से एक रहे जगदंबिका पाल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भी रहे हैं। हालांकि उनका बतौर मुख्यमंत्री कार्यकाल सिर्फ और सिर्फ एक दिन का था। भारत के राजनीतिक इतिहास में जगदंबिका पाल का नाम सबसे कम दिन के मुख्यमंत्री के रूप में दर्ज है।
दरअसल, यूपी में जब मायावती ने बीजेपी से अपना समर्थन ले लिया था और कल्याण सिंह के नेतृत्व वाली सरकार गिर गई थी तो उस वक्त संवैधानिक नियमों को ताक पर रख कर जगदंबिका पाल को मुख्यमंत्री बनाया गया था, लेकिन वह 31 घंटे ही सीएम रह पाए थे। हाईकोर्ट के आदेश के बाद उन्हें सीएम पद छोड़ना पड़ा था।
तीन बार विधायक भी रहे हैं जगदंबिका पाल
यूपी के बस्ती जिले के बनकटी ब्लॉक के भरवलिया गांव में जन्मे जगदंबिका पाल के पिता का नाम सूर्य बक्शा पाल और मूल राजीदेवी है। उन्होंने बस्ती जिले के बनकटी में सूर्य बक्शा पाल गर्ल्स इंटर कॉलेज और सूर्य बक्शा पाल पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री कॉलेज की स्थापना की।
जगदंबिका पाल ने पढ़ाई में एम.ए. (राजनीति विज्ञान, प्राचीन और आधुनिक इतिहास) और एलएलबी अवध विश्वविद्यालय तथा गोरखपुर विश्वविद्यालय से की है। पेशे से जगदंबिका पाल वकील हैं। जगदंबिका पाल 1993-2007 तक लगातार तीन बार बस्ती निर्वाचन क्षेत्र के विधायक भी रहे।