एक ही सीट पर भाग्य आजमा रहे हैं कांग्रेस और भाजपा के प्रमुख प्रचारक। पार्टी के प्रमुख प्रचारक होने के नाते दोनों के अन्य राज्यों में पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेवारी भी है। ये दिलचस्प मुकाबला इस बार उत्तर पूर्व दिल्ली सीट पर देखने को मिलेगा। इस सीट पर कांग्रेस पार्टी से कन्हैया कुमार और भारतीय जनता पार्टी से मनोज तिवारी मैदान में हैं। पूर्वांचल कार्ड ने इस सीट के मुकाबले को कड़ा और दिलचस्प बना दिया है।
दोनों ही नेता अपनी-अपनी पार्टी के प्रमुख प्रचारक हैं
इन दोनों ही नेताओं ने दिल्ली की राजनीति में दूसरे दलों से आकर अपनी सियासत शुरू की है और आज दोनों ही नेता अपने- अपने दलों के प्रमुख प्रचारकों में शामिल हैं। कन्हैया कुमार हाल ही में कांग्रेस पार्टी में आए हैं और पार्टी ने हरियाणा राज्य में होने वाले चुनाव के लिए कन्हैया कुमार को प्रमुख प्रचारक की सूची में शामिल किया है। आने वाले दिनों में कन्हैया कुमार अपनी खुद की लोकसभा सीट के साथ दूसरे राज्य में भी कांग्रेस पार्टी के लिए वोट मांगते नजर आएंगे। इससे पहले कन्हैया कुमार राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा से भी जुड़ चुके हैं।
दूसरी तरफ बतौर कलाकार और उत्तर पूर्व दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी भी भारतीय जनता पार्टी की तरफ से कई राज्यों में प्रमुख प्रचारकों की सूची में शामिल हैं। हाल ही में तीनों चरणों में उन्होंने दूसरे उम्मीदवारों के लिए वोट मांगे हैं। उत्तर पूर्व दिल्ली में उनकी पत्नी सुरभी तिवारी चुनाव प्रचार को आगे बढ़ा रही हैं।
इस बार कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार कन्हैया कुमार पहले भी लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं। कन्हैया कुमार ने यह चुनाव 2019 बेगूसराय सीट से लगा था। यहां कन्हैया कुमार का सीधा मुकाबला भाजपा नेता गिरिराज सिंह के साथ था। उस समय कन्हैया कुमार ने भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी (भाकपा) से चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में भाजपा को कुल 692193 और भाकपा को 269976 वोट मिले थे।