Tripura Assembly Election 2023 Result: भाजपा त्रिपुरा में 32 सीटें जीतकर दोबारा सरकार बनाने के रास्ते में है। इससे पहले भाजपा ने त्रिपुरा विधानसभा चुनाव 2018 में वामपंथियों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण वैचारिक जीत दर्ज की थी। दोबारा चुनाव जीतने के बाद भाजपा के लिए अगला बड़ा सवाल इसके नेतृत्व के बारे में है। हालांकि चुनावों से पहले पार्टी ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया कि वर्तमान मुख्यमंत्री माणिक साहा उसके सीएम चेहरे हैं। इसके बावजूद अटकलें तेज हैं कि पार्टी अब इसकी समीक्षा कर सकती है। क्योंकि चुनाव खत्म हो गए हैं।

तो चमक सकता है केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक का सितारा

भारतीय जनता पार्टी के सूत्रों ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व वर्तमान में केंद्रीय अधिकारिता और सामाजिक न्याय राज्य मंत्री प्रतिमा भौमिक को राज्य में शीर्ष पद पर नियुक्त करने पर विचार कर रहा है, ताकि लोकसभा चुनाव से पहले पूर्वोत्तर क्षेत्र के साथ-साथ पूरे देश को सही संदेश भेजा जा सके। पार्टी के एक अंदरूनी सूत्र ने बताया कि हालांकि यह फौरन नहीं किया जा सकता है। यह बदलाव बाद में हो सकता है क्योंकि मौजूदा मुख्यमंत्री माणिक साहा ने पार्टी को जीत दिलाई है। वैसे अगर प्रतिमा भौमिक को त्रिपुरा का मुख्यमंत्री नियुक्त किया जाता है तो वह पूर्वोत्तर के इतिहास में पहली महिला मुख्यमंत्री बनेंगी।

पीएम मोदी के संदेश के बाद महिलाओं में बढ़ी BJP की पैठ

प्रतिमा भौमिक के सीएम बनाए जाने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘इससे ​​इनकार नहीं किया जा सकता। अगर केंद्र सरकार माणिक साहा को नियुक्त करने का फैसला करता है तो फिर इस कदम को बाद पर टाला जा सकता है। भाजपा प्रतिमा भौमिक को त्रिपुरा का मुख्यमंत्री नियुक्त करने पर विचार कर रही है। क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश के बाद भाजपा अपने समर्थन आधार के रूप में महिलाओं पर ध्यान केंद्रित करने की रणनीति को आगे बढ़ा रही है।

त्रिपुरा में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं ने डाले ज्यादा वोट

भौमिक भारत-बांग्लादेश सीमा के करीब स्थित धनपुर गांव के किसान परिवार से आती हैं। आदिवासी बहुल निर्वाचन क्षेत्रों में झटके के बावजूद महिला मतदाताओं ने त्रिपुरा में भाजपा की सत्ता में वापसी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। चुनाव आयोग के आंकड़ों से पता चलता है कि इस साल महिलाओं ने पुरुषों की तुलना में अधिक मतदान किया है। आंकड़ों के मुताबिक पुरुषों के 86.12 प्रतिशत के मुकाबले 89.17 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान में हिस्सा लिया है।

महिलाओं के जीवन में बदलाव के लिए कई जरूरी पहल

भाजपा सरकार ने त्रिपुरा में महिलाओं के जीवन में “महत्वपूर्ण” बदलाव लाने के लिए कई कार्यक्रमों और पहलों की एक श्रृंखला शुरू की। इसमें राज्य सरकार की सभी नौकरियों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत कोटा शामिल है। महिलाओं तक पहुंचने के लिए सरकार ने महिलाओं के खिलाफ हिंसा को खत्म करने में प्रभावी हस्तक्षेप तय करते हुए स्वास्थ्य और पोषण के साथ शिक्षा और आर्थिक क्षेत्र में भी पहल की और कार्य योजना भी बनाई थी।

Tripura, Meghalaya, Nagaland Election Results से पूर्व जज मदन लोकुर ने Electoral Bond Case को जोड़ा, देखें वीडियो

पीएम मोदी बोले- महिलाएं भाजपा की मूक मतदाता

बीजेपी नेताओं ने संकेत दिया है कि 2024 के आम चुनाव में महिलाओं तक पहुंचने के लिए और अधिक कार्यक्रम, योजनाएं और पहल सामने आएंगे। 76वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में महिलाओं का सम्मान करने का संकल्प लेने वाले पीएम मोदी ने अक्सर अपनी पार्टी के नेताओं को याद दिलाया है कि महिलाएं भाजपा की “मूक मतदाता” हैं। पिछले साल उत्तर प्रदेश में भाजपा की सत्ता में वापसी के बाद पार्टी ने जीत का श्रेय महिला मतदाताओं के उच्च मतदान को दिया।

त्रिपुरा में धनपुर इलाके का राजनीतिक इतिहास

त्रिपुरा के एक पार्टी नेता ने कहा, “पीएम नरेंद्र मोदी के संदेश को आगे ले जाने के लिए पार्टी नेतृत्व त्रिपुरा में एक महिला मुख्यमंत्री पर विचार कर सकता है।” प्रतिमा भौमिक धनपुर लोकसभा सीट में 3,500 मतों से जीती थीं। वैसे इस विधानसभा सीट का भी मुख्यमंत्रियों के चुनाव का इतिहास रहा है। बुजुर्ग माकपा नेता माणिक सरकार इस निर्वाचन क्षेत्र से पांच बार चुने गए थे। 2018 में भी माणिक सरकार वहां से चुनाव जीतकर विपक्ष के नेता बने।